भाजपा सांसद ने 'वंदे मातरम्' के बैनर पर छिड़का गौमूत्र:कांग्रेस नेताओं के पोस्टरों पर कालिख पोती गई, बोले- राष्ट्रगीत का अपमान बर्दाश्त नहीं
दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण के दौरान वंदे मातरम् के कथित अपमान के विरोध में भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने भीलवाड़ा के सूचना केंद्र चौराहे पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं के पोस्टर पर जूतों की माला पहनाई गई, सड़े टमाटर मारे गए और कालिख पोती गई। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और चित्तौड़गढ़ सांसद सीपी जोशी, सांसद दामोदर अग्रवाल और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा राष्ट्रीय गीत 'वंदे मातरम्' लिखे बैनर पर गौमूत्र का छिड़काव कर प्रतीकात्मक शुद्धिकरण भी किया। कांग्रेस से माफी की मांग सांसद सीपी जोशी ने कहा कि वंदे मातरम् का अपमान देश के संविधान, संप्रभुता और अखंडता का अपमान है। उन्होंने कांग्रेस नेताओं और गांधी परिवार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश के स्वतंत्रता सेनानियों ने वंदे मातरम् का उद्घोष करते हुए बलिदान दिया था। सांसद दामोदर अग्रवाल ने कहा कि वंदे मातरम् को राष्ट्रीय गीत का दर्जा प्राप्त है। उन्होंने कांग्रेस पर देशभक्ति से जुड़े प्रतीकों के सम्मान को लेकर गंभीरता नहीं बरतने का आरोप लगाया। भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत मेवाड़ा ने कांग्रेस से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की। उन्होंने कहा कि कथित घटना से देशवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं और कांग्रेस नेताओं को इस मामले में स्पष्टीकरण देना चाहिए। पोस्टर पर जताया विरोध प्रदर्शन के दौरान भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने काले कपड़े पहनकर विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं के पोस्टर पर जूतों की माला पहनाकर सड़े टमाटर मारे गए और कालिख पोती गई। कार्यकर्ताओं ने वंदे मातरम् लिखे बैनर का गौमूत्र से प्रतीकात्मक शुद्धिकरण भी किया। भाजयुमो नेताओं ने कहा कि राष्ट्रीय गीत और देश के सम्मान से जुड़े विषयों पर किसी भी तरह की कथित अवमानना स्वीकार नहीं की जाएगी।



