फतेहाबाद के बलियाला-हेड पर बना स्विमिंग पूल शुरू:MP सुभाष बराला ने तैराकी कर किया शुभारंभ, 7 करोड़ आई लागत, कैफेटेरिया भी खुला
फतेहाबाद जिले के टोहाना क्षेत्र में बलियाला हेड पर स्विमिंग पूल और कैफेटेरिया की शुरुआत हो गई है। यहां पर अब कल्पना चावला पार्क और नहर किनारे की सुंदरता को भी बढ़ाया जाएगा। स्विमिंग पूल और कैफेटेरिया पर 7 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। राज्यसभा सदस्य सुभाष बराला ने इस नवनिर्मित स्विमिंग पूल का उद्घाटन किया। उन्होंने खुद पूल में तैराकी कर इसका शुभारंभ किया। बता दें कि, जिले में बलियाला हेड एक पिकनिक स्पॉट बना हुआ है। यहां एक साथ सात नहरें अलग-अलग दिशा में निकलती हैं। यह दर्शनीय स्थल है, जहां रूटीन में लोग परिवार समेत आते हैं। अब ये लोग इस स्विमिंग पूल में तैराकी भी कर सकेंगे। इसे आम जनता के लिए खोल दिया गया है। नहरी विभाग द्वारा यहां करीब 19 करोड़ रुपए की परियोजना तैयार की गई। जिसमें से 7 करोड़ रुपए से स्विमिंग पूल, कैफेटेरिया तैयार हो गया है। बाकी राशि से कल्पना चावला पार्क और नहर किनारों की सुंदरता पर काम किया जाएगा। इस स्विमिंग पूल में भविष्य में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तैराकों को तैयार करने में भी सहायता मिलेगी। साल 2014 में तैयार हुआ था प्रोजेक्ट राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने बताया कि उन्होंने 2014 में टोहाना से विधायक बनने के बाद इस परियोजना की शुरुआत की थी। उन्होंने स्वीकार किया कि बीच में कुछ बाधाओं के कारण काम रुका था, लेकिन अब स्विमिंग पूल और कैफेटेरिया पूरी तरह से चालू हो गए हैं। कल्पना चावला पार्क भी जल्द ही शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि आम जन के लिए बलियाला हेड एक अच्छा रमणीय स्थल है। यहां से निकल रही नहरों की अपनी सुंदरता है। इनका दृश्य देखकर हर किसी का मन मोहित होता है। इसलिए यहां सुविधाएं बढ़ानी बेहद जरूरी है। बराला के हारने से लटक गया था प्रोजेक्ट बता दें कि, इस परियोजना की शुरुआत साल 2014 में सुभाष बराला के विधायक बनने के बाद हुई थी। 2019 में उनके चुनाव हारने के बाद जजपा से देवेंद्र बबली विधायक बने। बाद में वह सरकार में पंचायत मंत्री भी बनाए गए। मगर इस परियोजना की गति धीमी हो गई। साल 2024 में देवेंद्र बबली ने भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़ा। मगर हार गए। इससे पहले सुभाष बराला राज्यसभा सांसद बनाए गए। इसके बाद बराला के हस्तक्षेप से इस परियोजना में तेजी आई और अब कुछ काम पूरा करवाए गए हैं।



