पाप माफ नहीं होगा, वंदे मातरम् विवाद पर अमित शाह ने सोनिया गांधी पर साधा निशाना
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वंदे मातरम् को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला है। शाह ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के गायन को बीच में रोकने के लिए सोनिया गांधी ने पार्टी ...
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने वंदे मातरम् को लेकर उठे विवाद के बीच कांग्रेस और सोनिया गांधी पर तीखा हमला बोला है। शाह ने आरोप लगाया कि स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस मुख्यालय में वंदे मातरम् के गायन को बीच में रोकने के लिए सोनिया गांधी ने पार्टी अध्यक्ष से कहा। उन्होंने इसे देश की जनता के साथ किया गया ऐसा 'पाप' बताया, जिसे कभी माफ नहीं किया जाएगा।
चित्तौड़गढ़ में एक जनसभा को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कांग्रेस पर 'बेशर्मी' का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के कार्यक्रम में कांग्रेस मुख्यालय पर वंदे मातरम् का गायन चल रहा था और इसी दौरान सोनिया गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष से इसे रोकने के लिए कहा।
ALSO READ: सीतापुर में CM योगी का बड़ा एक्शन, चौकी इंचार्ज निलंबित; SHO के खिलाफ जांच शुरू, 3 आरोपी हिरासत में
अमित शाह बोले- 140 करोड़ लोग आपको देख रहे हैं
अमित शाह ने कहा कि सोनिया गांधी को याद रखना चाहिए कि देश के 140 करोड़ लोग उन्हें देख रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वंदे मातरम् को अधूरा छोड़ने की कोशिश देश की जनता कभी माफ नहीं करेगी।
शाह ने कहा कि कांग्रेस नेताओं को इस मामले पर शर्म महसूस करनी चाहिए। उन्होंने कांग्रेस से देश की जनता और वंदे मातरम् के रचयिता बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय से माफी मांगने की भी मांग की।
BJP ने लगाया वंदे मातरम् के अपमान का आरोप
यह विवाद कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम के कुछ दृश्यों के सामने आने के बाद शुरू हुआ। इन दृश्यों को लेकर भाजपा नेताओं ने दावा किया कि वंदे मातरम् के गायन के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आपस में बातचीत करते नजर आए।
भाजपा नेता अमित मालवीय ने भी सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने वंदे मातरम् के पूरे गायन पर आपत्ति जताई और शुरुआती पंक्तियां गाए जाने के बाद कथित तौर पर इसे रोकने के लिए कहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि राहुल गांधी ने इसे समाप्त करने का संकेत दिया था।
कांग्रेस ने आरोपों को किया खारिज
हालांकि, कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को खारिज कर दिया है। पार्टी का कहना है कि सोनिया गांधी की गतिविधियों का वंदे मातरम् का गायन रोकने से कोई संबंध नहीं था। कांग्रेस के मुताबिक, वह कार्यक्रम में वंदे मातरम् के सही तरीके से आयोजन और व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने की कोशिश कर रही थीं।
शाह बोले- वोट बैंक की राजनीति के कारण वंदे मातरम् भूल गई कांग्रेस
अमित शाह ने इस विवाद को कांग्रेस की राजनीति से जोड़ते हुए आरोप लगाया कि पार्टी “वोट बैंक की राजनीति के कारण वंदे मातरम् को भूल गई है।” स्वतंत्रता आंदोलन का जिक्र करते हुए शाह ने कहा कि देश की आजादी की लड़ाई के दौरान हजारों लोगों ने वंदे मातरम् गाने के लिए गोलियां, लाठियां और जेल की यातनाएं झेलीं। उन्होंने कहा कि आजादी के 80 साल बाद भी लाल किले समेत उन सभी स्थानों पर वंदे मातरम् गाया गया, जहां स्वतंत्रता दिवस पर तिरंगा फहराया गया।



