पानीपत नहर में डूबा नाबालिग:नहाते समय डूबे दो दोस्त, एक तैरकर बाहर निकला, 3 बहनों के इकलौते भाई की तलाश जारी
पानीपत के सौदापुर गांव के पास से गुजर रही दिल्ली पैरलल नहर में रविवार दोपहर को नहाने उतरे 14 वर्षीय दो दोस्त अचानक संतुलन बिगड़ने से गहरे पानी में डूबने लगे। इस दौरान एक बच्चा तो किसी तरह तैरकर और पानी के बहाव के साथ नहर के किनारे लग गया, जिससे उसकी जान बच गई। लेकिन उसका दूसरा दोस्त रोशन (14) गहरे पानी के तेज बहाव में बह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और गोताखोरों की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। लापता बच्चे की तलाश के लिए नहर में सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है। इकलौते बेटे के नहर में बह जाने की खबर मिलते ही पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है। घर से बिना बताए निकले थे दोनों दोस्त, नहाते समय बिगड़ा संतुलन लापता बच्चे के परिजनों और उसके जीवित बचे दोस्त ने बताया कि जाटल रोड स्थित भगत कॉलोनी का रहने वाला रोशन (14) रविवार दोपहर को अपने दोस्त के साथ घर से बिना कुछ बताए निकला था। दोनों घूमते हुए सौदापुर गांव के पास से गुजर रही दिल्ली पैरेलल नहर पर पहुंच गए। गर्मी के कारण दोनों दोस्तों ने नहर में नहाने का मन बनाया और पानी में उतर गए। नहाते समय अचानक दोनों गहरे पानी की ओर चले गए और पैर फिसलने या तेज बहाव के कारण उनका संतुलन बिगड़ गया और वे डूबने लगे। चीख-पुकार के बीच एक बच्चा पानी के बहाव के साथ किस्मत से नहर के किनारे तक पहुंच गया, जिसने सूझबूझ दिखाते हुए खुद को बाहर निकाला और तुरंत चिल्लाकर स्थानीय लोगों को हादसे की जानकारी दी। 3 बड़ी बहनों का इकलौता भाई है रोशन, सातवीं कक्षा का है छात्र स्थानीय लोगों ने बिना वक्त गंवाए मामले की सूचना डायल 112 और संबंधित थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें गोताखोरों को साथ लेकर मौके पर पहुंचीं और रोशन के परिजनों से संपर्क साधकर उन्हें भी नहर किनारे बुलाया गया। मौके पर पहुंचे बदहवास परिजनों ने रोते हुए बताया कि लापता रोशन अभी महज 14 साल का है और वह सातवीं कक्षा में पढ़ता है। वह अपने माता-पिता का बेहद लाडला और तीन बड़ी बहनों का इकलौता छोटा भाई है। इकलौते बेटे के इस तरह हादसे का शिकार होने से मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गोताखोरों की टीमें कश्ती और जाल की मदद से नहर के कई किलोमीटर के दायरे में रोशन को ढूंढने का प्रयास कर रही हैं।



