पहले भी विवादों में रहे बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम गर्ग, जानिए अब क्या है नया विवाद

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर छतरपुर जिले के कौड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के ...

Jul 15, 2026 - 11:44
 0
पहले भी विवादों में रहे बाबा बागेश्वर के भाई शालिग्राम गर्ग, जानिए अब क्या है नया विवाद

shaligrame बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री (बाबा बागेश्वर) के छोटे भाई शालिग्राम गर्ग एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। उन पर छतरपुर जिले के कौड़ा गांव में जमीन विवाद को लेकर हुई हिंसक घटना में शामिल होने के आरोप लगाए गए हैं। रिपोर्ट के अनुसार यह विवाद जमीन के एक पुराने मामले को लेकर बढ़ा। इसके बाद दो पक्षों के बीच झड़प हो गई। आरोप है कि इस दौरान फायरिंग, मारपीट और हमला हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना के बाद छतरपुर पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है। पुलिस ने इलाके को सुरक्षित कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार घायलों, प्रत्यक्षदर्शियों और स्थानीय लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं, ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके। पुलिस की फॉरेंसिक टीम भी मामले से जुड़े सबूत जुटाने में लगी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ALSO READ: 7 Electric Scooters, कम हाइट वालों को ट्रैफिक में भी नहीं होगी परेशानी, देखें List

पहले भी विवादों में रह चुके हैं शालिग्राम गर्ग

शालिग्राम गर्ग इससे पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रह चुके हैं। उनके खिलाफ पहले भी पुलिस कार्रवाई और आरोपों से जुड़े मामले सामने आए थे। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौजूदा मामले की जांच स्वतंत्र रूप से की जा रही है।

बागेश्वर धाम की ओर से आधिकारिक बयान नहीं

इस पूरे मामले पर अभी तक बागेश्वर धाम की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। इससे पहले बाबा बागेश्वर कई मौकों पर कह चुके हैं कि उनके रिश्तेदारों से जुड़े किसी भी कानूनी मामले में कानून अपना काम करेगा।

कौनसे विवाद जुड़े रहे

शादी समारोह में लहराई थी पिस्टल

शालिग्राम पहली बार बड़े विवाद में तब आए थे जब फरवरी 2023 में छतरपुर के गढ़ा गांव में एक दलित परिवार की शादी के दौरान हंगामे का मामला सामने आया था। आरोप था कि उन्होंने शादी समारोह में पिस्टल लहराई, लोगों को धमकाया और गाली-गलौज की। घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। वीडियो में उनके हाथ में सिगरेट और हथियार दिखाई देने का दावा किया गया था। मामले में एससी/एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई थी। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी।

ALSO READ: WhatsApp यूजरनेम फीचर पर भारत में लगी रोक, सुरक्षा चिंताओं पर Meta ने क्या कहा

टोल प्लाजा पर हुआ विवाद

अप्रैल 2024 में शालिग्राम गर्ग का नाम फिर सुर्खियों में आया। सागर जिले के मुगवारी टोल प्लाजा पर टोल शुल्क को लेकर टोलकर्मियों और उनके बीच विवाद हो गया था। आरोप लगाया गया कि टोल मांगने पर उन्होंने अपने साथियों के साथ टोलकर्मियों के साथ मारपीट की। मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने शालिग्राम समेत 10 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया था। यह घटना भी काफी चर्चा में रही थी।

ALSO READ: PoK में विरोध प्रदर्शन पर MEA का बड़ा बयान, Hormuz और Pakistan को लेकर क्या है भारत का प्लान

धीरेंद्र शास्त्री से संबंध खत्म करने का दावा

दिसंबर 2024 में शालिग्राम गर्ग का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में उन्होंने कहा था कि उनके व्यक्तिगत मामलों को बागेश्वर धाम या पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री से न जोड़ा जाए। उन्होंने यह भी कहा था कि उनका और धीरेंद्र शास्त्री का अब कोई संबंध नहीं है तथा इसकी जानकारी कोर्ट में भी दी जा चुकी है।