पलवल में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़:घर के बाहर अलाव सेक रही थी; गांव के युवक ने की वारदात
पलवल जिले में चांदहट थाना अंतर्गत एक गांव में नाबालिग लड़की के साथ छेड़छाड़ कर अश्लील हरकत करने का मामला प्रकाश में आया है। चांदहट थाना पुलिस ने पीड़िता की मां की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मां हाथ-पैर धोने अंदर गई थी चांदहट थाना प्रभारी जगदीश प्रसाद के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला ने दी शिकायत में कहा कि वह पिछले 15 वर्षों से उक्त गांव में अपने परिवार के साथ रहती है और उसके पति राज मिस्त्री का काम करते है। घटना 19 जनवरी 2026 की शाम करीब छह बजे की है। उसकी 12 वर्षीय बेटी घर के बाहर अलाव (आग) पर हाथ सेक रही थी। इसी दौरान वह (नाबालिग की मां) हाथ-पैर धोने के लिए घर के अंदर चली गई। गांव के युवक ने की छेड़छाड़ आरोप है कि उसी दौरान मौके का फायदा उठाकर गांव का ही राजेंद्र नामक युवक आया और उसने मासूम लड़की के साथ छेड़छाड़ और अश्लील हरकतें शुरू कर दी। महिला ने शिकायत में कहा कि घटना के समय उसका पति गांव से बाहर काम पर गया हुआ था। शनिवार को जब उसका पति घर वापस लौटा, तो उसे पूरी बात अपने पति को बताई। जिसके बाद परिवार ने चांदहट थाना जाकर इसकी लिखित शिकायत पुलिस को दी। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस वहीं पुलिस ने महिला की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ पोक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है आरोपी की तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।



