कानपुर में युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म का आरोप:धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया, आरोपी हिरासत में
कानपुर के सजेती थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती को बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन का दबाव बनाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर युवती को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज दिया है। आरोपी युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पीड़िता के पिता ने रविवार देर शाम सजेती थाने पहुंचकर दी गई तहरीर में बताया कि 28 अप्रैल की रात करीब आठ बजे जब वह घर लौटे, तो उनकी बेटी घर पर नहीं थी। इसके बाद उन्होंने थाने में गुमशुदगी की सूचना दी। काफी तलाश के बाद पता चला कि बरीपाल निवासी इरशाद उर्फ अब्दुल्ला पुत्र लाला मंसूरी ने उसे अपने घर में बंधक बना रखा है। पिता के अनुसार, जब वह अपने बेटे और गांव के लोगों के साथ बरीपाल पहुंचे, तो बेटी को मुक्त कराया गया। युवती ने बताया कि आरोपी उसे जबरन अपने घर ले गया था। आरोप है कि आरोपी ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की और फिर उसे जबरन अपने साथ ले गया, जहां चार दिन तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर धर्म परिवर्तन का दबाव बनाया गया और शादी का झांसा दिया गया। साथ ही, किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। रविवार को पिता बेटी को लेकर सजेती थाने पहुंचे, जहां पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलते ही बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद समेत अन्य हिंदू संगठन सक्रिय हो गए और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने जांच के आधार पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।



