नेशनल हाइवे पर कार से स्टंट, VIDEO:होली पर स्टंट का वीडियो इंस्टाग्राम पर किया पोस्ट, रंगों से सराबोर नजर आए युवक
कन्नौज में नेशनल हाईवे पर कार से खतरनाक स्टंट करते युवकों का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। होली के मौके पर बनाए गए इस वीडियो में युवक चलती कार की छत और खिड़कियों से बाहर लटके हुए दिख रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की बात कही है। वायरल वीडियो में एक काली स्कार्पियो-एन कार हाईवे पर तेज रफ्तार में दौड़ती नजर आ रही है। कार की सनरूफ से दो युवक बाहर निकले हुए छत पर बैठे हैं, जबकि तीन अन्य युवक साइड की खिड़कियों से लटके हुए हैं। एक युवक कार चला रहा है। स्टंट कर रहे ये सभी युवक रंगों से सराबोर थे, जो दर्शाता है कि यह वीडियो होली के दौरान मस्ती करते हुए बनाया गया था। वीडियो में कुल पांच युवक स्टंट करते दिख रहे हैं। यह वीडियो 'पुष्पा भाउ 8003' नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट से पोस्ट किया गया है। बताया जा रहा है कि यह स्टंट कन्नौज शहर के पाल चौराहे के आसपास नेशनल हाईवे पर किया गया था। स्टंट का वीडियो बनाने के लिए एक और कार आगे चल रही थी। इस खतरनाक स्टंट का वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस ने कहा है कि वीडियो के आधार पर युवकों की पहचान कर उनके खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



