गुरुग्राम टोल प्लाजा पर कार ड्राइवर से मारपीट:फास्टैग स्कैन न होने पर हुआ विवाद, पुलिस ने दो कर्मचारियों को किया अरेस्ट
गुरुग्राम में बंधवाड़ी टोल प्लाजा पर फास्टैग स्कैन न होने के विवाद में एक कार ड्राइवर के साथ मारपीट की गई। इस मामले में ग्वाल पहाड़ी चौकी पुलिस ने दो टोल कर्मियों को गिरफ्तार किया है। यह घटना 24 अगस्त की सुबह फरीदाबाद रोड स्थित बंधवाड़ी टोल पर हुई। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो में दो युवक एक व्यक्ति से मारपीट करते और दो अन्य उसे छुड़ाने का प्रयास करते दिख रहे हैं। यहां देखें फोटो… पुलिस ने दो कर्मचारियों को किया अरेस्ट पुलिस जांच में सामने आया कि टोल पर कार का फास्टैग स्कैन नहीं होने के बाद टोल कर्मियों और कार ड्राइवर के बीच कहासुनी हुई। बात बढ़ने पर दो टोल कर्मियों ने ड्राइवर से मारपीट शुरू कर दी, जिससे उसे चोटें आईं। पीड़ित कार चालक की शिकायत पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने टोल पर कार्यरत शौकिंद्र और अभिषेक, निवासी मांगर गांव, फरीदाबाद को 25 अगस्त को गिरफ्तार किया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि दोनों आरोपियों को जांच में शामिल कर शांति भंग और सार्वजनिक व्यवस्था बिगाड़ने से संबंधित धाराओं में निवारक कार्रवाई के तहत जमानत पर छोड़ दिया गया है। मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता नहीं पाई गई है।



