उन्नाव में अज्ञात वाहन की टक्कर से महिला की मौत:लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर 2 लोग गंभीर घायल, चालक की तलाश जारी
उन्नाव के आसीवान थाना क्षेत्र में लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर नंगा खेड़ा मोड़ के पास एक अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे में एक महिला की मृत्यु हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आसीवान थाना क्षेत्र के बद्दुल्ला खेड़ा निवासी 40 वर्षीय राकेश पुत्र गौरी शंकर अपनी सास नन्हकी पत्नी सीताराम, निवासी गंगाई खेड़ा, थाना माखी) और पत्नी रामदेवी के साथ बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। नंगा खेड़ा मोड़ के समीप पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पर सवार तीनों व्यक्ति सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर एम्बुलेंस की सहायता से तीनों घायलों को मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों ने जांच के बाद नन्हकी को मृत घोषित कर दिया। राकेश और रामदेवी का उपचार जारी है, और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है।



