अयोध्या में रामलला को 10000, कर्मचारियों के लिए 4 करोड़ का दान
Nagalakshmi Donation Ayodhya: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था रत्ती भर नहीं डिगी है। तमिलनाडु के कोयंबटूर से अयोध्या आईं महिला श्रद्धालु एस. नागलक्ष्मी ने अटूट श्रद्धा की मिसाल पेश करते हुए रामलला के दर्शन ...
Nagalakshmi Donation Ayodhya: राम मंदिर में चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था रत्ती भर नहीं डिगी है। तमिलनाडु के कोयंबटूर से अयोध्या आईं महिला श्रद्धालु एस. नागलक्ष्मी ने अटूट श्रद्धा की मिसाल पेश करते हुए रामलला के दर्शन किए और 10 हजार रुपए का चढ़ावा दिया। इसके साथ ही, मंदिर में दिन-रात सेवा देने वाले कर्मचारियों के लिए उन्होंने 4 करोड़ रुपए का चेक सौंपकर सभी को चकित कर दिया।
बिड़ला धर्मशाला पर कटवाई रसीद, रखी विशेष शर्त
महिला श्रद्धालु ने बिड़ला धर्मशाला के सामने स्थित यात्री सेवा केंद्र पर दान की प्रक्रिया पूरी की। इसके बाद वे रामघाट स्थित ट्रस्ट के अकाउंट कार्यालय पहुंचीं। उन्होंने लिखित अनुरोध करते हुए अपनी मंशा स्पष्ट की कि 4 करोड़ रुपए के इस विशाल दान का उपयोग राम मंदिर के कर्मचारियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और उनके वेतन में वृद्धि करने के लिए किया जाए।
मंदिर व्यवस्था सुधारने के लिए दिए महत्वपूर्ण सुझाव
दानवीर एस. नागलक्ष्मी ने मंदिर ट्रस्ट के अधिकारियों से भेंट कर व्यवस्थाओं को सुचारु बनाने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि रामलला की सेवा और परिसर की व्यवस्था संभालने वाले कर्मचारियों की सुविधाओं और उनके वेतन का ध्यान रखना भी भगवान की प्रत्यक्ष सेवा का ही एक हिस्सा है। दिन भर पूरे राम जन्मभूमि परिसर और तीर्थक्षेत्र में इस दानवीर महिला श्रद्धालु की उदारता की चर्चा होती रही।



