हिसार में आज से डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल:हजारों मरीज परेशान, 128 डॉक्टर गैरहाजिर, 20 ही एक्सट्रा मिले, 25 को नोटिस
हिसार में डॉक्टरों की हड़ताल से मरीज परेशान हो रहे हैं। हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (HCMSA) ने हड़ताल को अनिश्चिकालीन घोषित कर दिया है। इससे आज (बुधवार) से मरीजों की परेशानी और बढ़ गई है। एक्स-रे से लेकर सिजेरियन तक और एक ही डॉक्टर से इलाज करवा रहे मरीजों को दिक्कत हो रही है। वहीं, हिसार सिविल अस्पताल प्रशासन ने प्रोबेशन पीरियड पर चल रहे 25 डॉक्टरों को शोकॉज नोटिस भेजा है। मगर अभी तक एक भी डॉक्टर वापस नहीं आया है। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से 20 डॉक्टरों को बुलाया है। मगर 128 डॉक्टरों के छुट्टी पर जाने से हालात बिगड़ रहे हैं। अग्रोहा मेडिकल कॉलेज से हिसार के अलावा सिरसा और फतेहाबाद भी डॉक्टर भेजे गए हैं। सरकारी डॉक्टरों की 2 दिन की हड़ताल के बावजूद प्रदेश सरकार सभी मांगें मानने को तैयार नहीं हुई है। सरकार ने सख्त रुख अपनाते हुए डॉक्टरों की हड़ताल पर 6 महीने के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। इसके लिए आवश्यक सेवाएं अनुरक्षण अधिनियम (एस्मा) का सहारा लिया गया है। इसलिए हड़ताल कर रहे हैं डॉक्टर हरियाणा सिविल मेडिकल सर्विसेज एसोसिएशन (HCMSA) और राज्य सरकार के बीच कई दौर की वार्ता के बाद भी मांगों पर सहमति नहीं बन पाई है। एसोसिएशन को अधिकारियों के भरोसे पर यकीन नहीं है। राज्य के डॉक्टर वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारियों (एसएमओ) की सीधी भर्ती रोकने की मांग कर रहे हैं। पूर्व में तत्कालीन स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज इसकी मंजूरी दे चुके थे, लेकिन मौजूदा व्यवस्था में इसे लागू नहीं किया जा रहा है। स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और स्वास्थ्य सचिव सुधीर राजपाल के साथ हुई बैठकों में सीधे एसएमओ की भर्ती नहीं किए जाने पर सहमति बन चुकी है, लेकिन एश्योर्ड करियर प्रमोशन (एसीपी) पर पेंच फंसा हुआ है।



