सोनीपत रोडवेज डिपो में दो घंटे का विरोध:फतेहाबाद बस हमले को लेकर विरोध तेज; गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की दी चेतावनी
सोनीपत में हरियाणा रोडवेज के कर्मचारियों ने सांझा मोर्चा के आह्वान पर 2 घंटे का सांकेतिक प्रदर्शन किया है। फतेहाबाद डिपो के परिचालक पर हुए जानलेवा हमले के विरोध में अब राज्यभर के रोडवेज कर्मचारी उग्र तेवर अपनाने लगे हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से गुस्से में आए हरियाणा रोडवेज राज्य सांझा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द गिरफ्तारी नहीं हुई तो बड़ा फैसला लिया जाएगा। मामला क्या है सोमवार, 16 जून 2025 की सुबह करीब 8 बजे फतेहाबाद डिपो की बस हरिद्वार से लौट रही थी। जैसे ही बस अग्रोहा चौक के पास पहुंची, 10–15 की संख्या में लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने बस को रोक लिया और परिचालक पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में परिचालक को गंभीर चोटें आईं, जिन्हें इलाज के लिए अग्रोहा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर भड़का रोष हमले के बाद फतेहाबाद प्रशासन की ओर से कोई सख्त कार्रवाई नहीं की गई, जिससे कर्मचारियों में गहरा आक्रोश है। सोनीपत डिपो में कार्यरत अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रशासन की लापरवाही की कड़ी निंदा की और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। सोनीपत डिपो में दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन बुधवार को सोनीपत डिपो में हरियाणा रोडवेज राज्य सांझा मोर्चा के आह्वान पर सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक दो घंटे का सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया गया। इस मौके पर सभी कर्मचारी अपनी ड्यूटी से अलग होकर प्रदर्शन में शामिल हुए और फतेहाबाद के परिचालक के समर्थन में आवाज बुलंद की। जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो होगा बड़ा आंदोलन सांझा मोर्चा के पदाधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि फतेहाबाद प्रशासन जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं करता, तो राज्य स्तर पर बड़ा आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की सुरक्षा से समझौता नहीं किया जाएगा और जरूरत पड़ी तो कार्य बहिष्कार जैसे कठोर निर्णय भी लिए जा सकते हैं।
