बलरामपुर जिला अस्पताल में रिश्वत मांगने का VIDEO:ऑपरेशन के नाम पर वार्ड ब्वॉय ने मांगे 5 हजार रुपए, जांच कमेटी गठित
बलरामपुर के मेडिकल कॉलेज से संबद्ध संयुक्त जिला चिकित्सालय में भ्रष्टाचार का मामला सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। अस्पताल के एक वार्ड ब्वॉय का ऑपरेशन के नाम पर तीमारदार से पैसे मांगते हुए वीडियो सामने आया है। वीडियो में वार्ड ब्वॉय अमरेश सोनकर कथित तौर पर सर्जन डॉ. आरडी रमन के नाम पर तीमारदार से पांच हजार रुपए की मांग करता दिखाई दे रहा है। आरोप है कि पैसे न देने पर मरीज को बाहर की दवाएं लिखवाने और इलाज में देरी करने की धमकी भी दी गई। मनमाने ढंग से काम करने के आरोप तीमारदार का कहना है कि उसने अपने परिजन का हाइड्रोसील ऑपरेशन अस्पताल में कराया था। इसी दौरान वार्ड ब्वॉय ने कथित तौर पर कहा कि यहां बिना पैसे कोई काम नहीं होता। वीडियो में उसे यह कहते हुए भी सुना जा सकता है कि अगर रोज चार हजार रुपए न मिलें तो नौकरी करना बेकार है। मरीजों और तीमारदारों का आरोप है कि अस्पताल में इलाज के लिए सुविधा शुल्क और सेटिंग का दबाव बनाया जाता है। वहीं सर्जन डॉ. आरडी रमन पर पहले भी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने और मनमाने ढंग से काम करने के आरोप लगते रहे हैं। मामले के तूल पकड़ने के बाद अस्पताल प्रशासन ने जांच शुरू कर दी है। संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजकुमार वर्मा ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वार्ड ब्वॉय से स्पष्टीकरण मांगा गया है और पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजकुमार वर्मा ने बताया- वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है। वार्ड ब्वॉय से स्पष्टीकरण मांगा गया है और पूरे मामले की जांच के लिए एक कमेटी गठित की गई है। रिपोर्ट आने के बाद दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।



