उचाना में दुष्यंत चौटाला ने सरकार को घेरा:बोले- बाढ़ प्रभावितों को मुआवजा देने में देरी, 2023 में 7 दिन में दिए थे पैसे
हरियाणा के पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने भाजपा सरकार पर बाढ़ प्रभावित किसानों को मुआवजा देने में देरी का आरोप लगाया है। उचाना के मंगलपुर गांव में मीडिया से वार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि 2023 में प्रदेश के 12 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए थे। चौटाला ने बताया कि गठबंधन सरकार के समय में हर प्रभावित किसान के खाते में 7 हजार रुपए सात दिन के भीतर ट्रांसफर कर दिए गए थे। उन्होंने कहा कि वर्तमान में भारी बारिश के कारण किसानों की लाखों एकड़ फसल को नुकसान पहुंचा है। जलभराव की स्थिति से निपटने में सरकार विफल पूर्व उपमुख्यमंत्री ने सरकार पर जलभराव की स्थिति से निपटने में विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने न तो समय पर पंपिंग सेट की व्यवस्था की और न ही लगे हुए पंपों की मरम्मत कराई। चौटाला ने मांग की कि सरकार को पानी निकासी की व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए और किसानों को तत्काल मुआवजा दिया जाना चाहिए। बता दें कि, दुष्यंत चौटाला मंगलपुर गांव में सतबीर श्योकंद के निधन पर शोक व्यक्त करने पहुंचे थे। इस दौरान जोरा सिंह डूमरखा, वीरेंद्र कौशिक और पिरथी डोहाना खेड़ा समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।
