कनाडा के सबसे बड़े शहर टोरंटो में चल रहे मशहूर साल्सा ऑन सेंट क्लेयर (Salsa on St Clair) स्ट्रीट फेस्टिवल के दौरान शनिवार रात को अचानक गोलीबारी हो गई। इस घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, स्थानीय समय के अनुसार रात करीब 8:12 बजे सेंट क्लेयर एवेन्यू पर एक शूटर के होने की खबर मिली। जब पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां 6 लोग गोली लगने से घायल मिले, जबकि 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद लोग जान बचाने के लिए भागे, हमलावर की तलाश जारी
चश्मदीदों ने बताया कि जैसे ही गोलियां चलने की आवाज आई, वहां मौजूद हजारों लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए पूरे इलाके को चारों तरफ से घेर लिया है और आम जनता से इस जगह से दूर रहने की अपील की है।
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि फायरिंग करने वाले हमलावर या हमलावरों को अब तक पकड़ा नहीं जा सका है। पुलिस उन्हें ढूंढने के लिए बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चला रही है।
भारी भीड़ के बीच हुई हिंसक घटना
साल्सा ऑन सेंट क्लेयर टोरंटो का एक बहुत ही लोकप्रिय सालाना लैटिन सांस्कृतिक उत्सव है। इस फेस्टिवल में लाइव म्यूजिक, डांस परफॉर्मेंस और खाने-पीने के स्टॉल्स का मजा लेने के लिए हर साल भारी संख्या में लोग इकट्ठा होते हैं। जिस समय यह गोलीबारी हुई, उस वक्त भी वहां बहुत ज्यादा भीड़ मौजूद थी। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि फायरिंग क्यों की गई और संदिग्ध हमलावर कौन हैं।