Strait of Hormuz Crisis : तेल-गैस की सप्लाई पर फिर खतरा, होर्मुज किया बंद तो ईरान पर टूट पड़ा अमेरिका, कंटेनर जहाज पर भी हमला
पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को "अगली सूचना तक बंद" करने की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने ईरान पर जवाबी सैन्य ...
पश्चिम एशिया में तनाव एक बार फिर खतरनाक स्तर पर पहुंच गया है। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) द्वारा होर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को "अगली सूचना तक बंद" करने की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद अमेरिका ने ईरान पर जवाबी सैन्य कार्रवाई शुरू कर दी। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) के अनुसार, यह इस सप्ताह ईरान के खिलाफ तीसरे दौर की सैन्य कार्रवाई है। अमेरिका का आरोप है कि IRGC बलों ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले कंटेनर जहाज M/V GFS Galaxy पर हमला किया।
कंटेनर जहाज में लगी आग, एक क्रू मेंबर लापता
CENTCOM ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में कहा कि जहाज पर हुए हमले के बाद उसमें भीषण आग लग गई और इंजन रूम को गंभीर नुकसान पहुंचा। घटना के बाद जहाज अपनी यात्रा जारी रखने की स्थिति में नहीं है। अमेरिका के मुताबिक हमले के बाद एक नागरिक क्रू मेंबर लापता है, जिसकी तलाश जारी है। अमेरिका बोला- ईरान को पहले भी चेतावनी दी थी CENTCOM ने कहा कि ईरान को पहले भी अंतरराष्ट्रीय समुद्री सुरक्षा समझौतों का पालन करने का अवसर दिया गया था, लेकिन उसने फिर से व्यावसायिक जहाजों पर हमला किया।
बयान में कहा गया कि अमेरिका नागरिक नाविकों और अंतरराष्ट्रीय व्यापारिक जहाजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ईरान की सैन्य क्षमताओं को निशाना बना रहा है। यह कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति के निर्देश पर की जा रही है। दक्षिणी ईरान में कई धमाके
इस बीच ईरान की Mehr News Agency के अनुसार क़ेश्म द्वीप (Qeshm Island) पर कई विस्फोटों की आवाज़ें सुनी गईं। सरकारी प्रसारक IRIB ने बताया कि बंदर अब्बास में तीन और सिरिक में दो विस्फोट हुए हैं, जिससे दक्षिणी ईरान में नए सैन्य हमलों की आशंका जताई जा रही है।
At 7:15 p.m. ET today, U.S. Central Command forces began launching the third round of strikes this week against Iran after Islamic Revolutionary Guard Corps forces blatantly attacked M/V GFS Galaxy, a Cyprus-flagged container ship transiting the Strait of Hormuz. A civilian crew… — U.S. Central Command (@CENTCOM) July 11, 2026
IRGC ने किया होर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने का ऐलान
इससे पहले IRGC ने घोषणा की थी कि होर्मुज जलडमरूमध्य को अगली सूचना तक बंद रखा जाएगा। IRGC के बयान के अनुसार, जब तक अमेरिका पश्चिम एशिया में अपने "हस्तक्षेप" को समाप्त नहीं करता, तब तक किसी भी जहाज को इस समुद्री मार्ग से गुजरने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
IRGC ने यह भी चेतावनी दी कि यदि इस स्थिति का इस्तेमाल ईरान के खिलाफ किसी नई सैन्य कार्रवाई के बहाने के रूप में किया गया, तो उसका कड़ा जवाब दिया जाएगा और क्षेत्र में मौजूद दुश्मन के अतिरिक्त सैन्य ठिकानों को भी निशाना बनाया जा सकता है। संगठन ने कहा कि इस संकट से उत्पन्न किसी भी परिणाम की जिम्मेदारी अमेरिका, इजराइल और उन देशों की होगी, जहां से ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान चलाए जाते हैं।



