PM की पेट्रोल बचाने की अपील के विरोध में भैंसा-बुग्गी पर उतरीं अर्चना पांडा, BJP के VIP कल्चर पर साधा निशाना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक संकट को देखते हुए जनता से अपील की है कि वह पेट्रोलियम पदार्थों की बचत करें। इस अपील के विरोध में आज समाजवादी पार्टी की नेत्री अर्चना पांडा भैंसा-बुग्गी पर सवार होकर सड़कों पर उतरीं। इस दौरान उन्होंने अपने एक हाथ ...
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैश्विक संकट को देखते हुए जनता से अपील की है कि वह पेट्रोलियम पदार्थों की बचत करें। इस अपील के विरोध में आज समाजवादी पार्टी की नेत्री अर्चना पांडा भैंसा-बुग्गी पर सवार होकर सड़कों पर उतरीं। इस दौरान उन्होंने अपने एक हाथ में माइक और दूसरे हाथ में पार्टी का झंडा लेकर प्रधानमंत्री की नीतियों की आलोचना करते हुए भाजपा नेताओं के वीआईपी कल्चर पर सवाल खड़े कर दिये।
बुलंदशहर के पूर्व बाहुबली विधायक श्री भगवान शर्मा उर्फ गुड्डू पंडित की पत्नी अर्चना ने कहा कि पहले प्रधानमंत्री अपनी पार्टी के नेताओं का वीआईपी कल्चर बंद करवाएं, सड़कों पर नेताओं के पीछे चलने वाले काफिलों को रोकें, उसके बाद जनता पर अपनी नाकामियों का बोझ थोपें।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री अपने प्रचार-प्रसार में लाखों लीटर तेल खर्च कर रहे हैं, जबकि आम जनता को बचत और त्याग का संदेश दिया जा रहा है। कंपनी घर से काम करवायें, बच्चों को आनलाइन घर से पढ़ाया जाये, आफिस जाने में सहयोगी कार पूलिंग करें, ई वाहनों का प्रयोग हो। अर्चना पांडा ने कहा कि केंद्र सरकार की विदेश नीति, आर्थिक नीति और रक्षा नीति पूरी तरह विफल साबित हुई है।
अर्चना ने कहा कि सरकार जनता को असली मुद्दों से भटकाने में लगी है। कभी थाली बजवाने और कभी मोबाइल की टॉर्च जलवाने जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से वह जनता को गुमराह करके ध्यान बांटा रही है, जबकि देश में महंगाई और बेरोजगारी जैसी समस्या लगातार बढ़ रही है।
भैंसा-बुग्गी पर सवार अर्चना ने कहा कि तंज कसते हुए कहा कि अपने वाहनों को खड़ा कर दो, डीजल-पेट्रोल की कमी है, धक्का मारकर ले जाना पड़ेगा। मंहगाई बहुत है यदि सारा पैसा पेट्रोल में खर्च कर दिया तो घर में भाभी की डांट खानी पड़ेगी, पत्नी और बच्चों को कैसे पालोगे। वैसे भी जगह-जगह पर पुलिस वाहनों की चेकिंग करके आपका टार्चर कर रही है, जिन वाहनों पर सपा का झंडा या स्टीकर लगा है उन्हें विशेष रूप से परेशान किया जा रहा है, चाहे उस गाड़ी के अंदर सिर्फ महिलाएं ही सवार क्यों न हो, उनके और बच्चों के सामान की भी चेकिंग हो रही है। सिर्फ भाजपा के वाहनों को दौड़ने की छूट है, यह लोकतंत्र की हत्या है।
भैंसा-बुग्गी पर निकले इस विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए राहगीरों की भीड़ जुट गई और यह प्रदर्शन केवल बुलंदशहर में नही बल्कि आसपास के जिलों में भी चर्चा विषय बना गया है। सोशल मीडिया पर यह वीडियो छाई हुई है। Edited by : Sudhir Sharma



