सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क का इलेक्ट्रॉनिक व्हीकल पर जोर:संभल में बोले- डीजल-पेट्रोल पर डिपेंडेंसी कम होगी, नीट के दोषियों पर भी कार्रवाई हो
संभल के सपा सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने NEET पेपर लीक मामले और CBSE की मार्किंग को लेकर सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि केवल CBSE चेयरमैन को हटाना पर्याप्त नहीं है, बल्कि NEET के दोषियों पर भी कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। शुक्रवार शाम संभल के थाना हयातनगर क्षेत्र के गांव बबैना में एक कार्यक्रम में बोलते हुए सांसद बर्क ने बताया कि वह स्वयं एजुकेशन कमेटी के सदस्य हैं। हाल ही में हुई एक बैठक में NEET पेपर लीक और 12वीं कक्षा के छात्रों की मार्किंग पर चर्चा हुई थी। इस बैठक में एजुकेशन कमेटी के सचिव, उच्च शिक्षा और स्कूली शिक्षा के सचिव, CBSE चेयरमैन और DG, DGNT सहित कई अधिकारी मौजूद थे। सांसद बर्क ने 22 लाख छात्रों के भविष्य पर सवाल खड़े होने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि कमेटी इस बात की जांच कर रही है कि सिस्टम में चूक कहां हुई है और इसमें शामिल सभी लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि वह मंत्रियों को बचाने का प्रयास कर रही है। बर्क ने कहा कि यदि सरकार या मंत्री से काम नहीं चल पा रहा है, तो उन्हें बदला जाना चाहिए और दोषियों को बचाने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। सांसद बर्क ने देश और दुनिया में बदलते हालात का जिक्र करते हुए इलेक्ट्रॉनिक वाहनों पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सरकार और लोगों का प्रयास है कि इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा दिया जाए, जिससे डीजल-पेट्रोल पर निर्भरता कम हो सके। उन्होंने यह भी कहा कि संविधान लोगों को कानूनी तरीके से आंदोलन करने और अपनी बात रखने का अधिकार देता है। सरकार को ऐसे किसी भी आंदोलन को रोकना नहीं चाहिए।



