मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर रुद्रपुर में रुद्राभिषेक, बच्चों संग काटा केक

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर रुद्रपुर में रुद्राभिषेक, बच्चों संग काटा केक

Sep 16, 2026 - 22:38
 0
मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर रुद्रपुर में रुद्राभिषेक, बच्चों संग काटा केक

मुख्यमंत्री धामी के जन्मदिन पर रुद्रपुर में रुद्राभिषेक, बच्चों संग काटा केक

- महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में हुए कार्यक्रम

- स्कूली बच्चों को बांटे बैग

नीलकंठ धाम में मुख्यमंत्री की दीर्घायु और प्रदेश की खुशहाली के लिए की गई पूजा-अर्चना

रुद्रपुर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन मंगलवार को शहर में विभिन्न कार्यक्रमों के साथ मनाया गया। महापौर विकास शर्मा की अगुवाई में जहां नीलकंठ धाम में पार्षदों एवं कार्यकर्ताओं ने रुद्राभिषेक कर मुख्यमंत्री की दीर्घायु, उत्तम स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की, वहीं ट्रांजिट कैंप स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में बच्चों के साथ केक काटकर जन्मदिन की खुशियां साझा की गईं। इस अवसर पर स्कूली बच्चों को बैग भी वितरित किए गए।

मुख्यमंत्री के जन्मदिन के उपलक्ष्य में सुबह महापौर विकास शर्मा पार्षदों और कार्यकर्ताओं के साथ नीलकंठ धाम पहुंचे। यहां विधि-विधान से भगवान शिव का रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की गई। महापौर ने भगवान भोलेनाथ से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की दीर्घायु, बेहतर स्वास्थ्य और यशस्वी जीवन की प्रार्थना की। उन्होंने प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में पुनः धामी के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनने की कामना भी की।

इसके पश्चात ट्रांजिट कैंप स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में मुख्यमंत्री का जन्मदिन बच्चों के बीच मनाया गया। विद्यालय पहुंचने पर महापौर विकास शर्मा एवं अन्य अतिथियों का विद्यालय परिवार ने स्वागत किया। कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा। बच्चों ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए आकर्षक पोस्टर भी तैयार किए, जिन्हें उन्होंने महापौर को भेंट किया।

महापौर ने बच्चों के साथ केक काटकर मुख्यमंत्री के जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस दौरान बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था। मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा से जोड़ते हुए महापौर ने विद्यालय के बच्चों को स्कूल बैग भी वितरित किए। उन्होंने बच्चों से मन लगाकर पढ़ाई करने, अनुशासन को जीवन का हिस्सा बनाने और अपने माता-पिता तथा गुरुजनों का सम्मान करने का आह्वान किया।

महापौर विकास शर्मा ने कार्यक्रम को भव्य और यादगार बनाने के लिए विद्यालय परिवार एवं बच्चों की सराहना की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सरकार ने विकास के साथ शिक्षा, युवा कल्याण, खेल और रोजगार जैसे क्षेत्रों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने युवाओं के हितों की रक्षा के लिए नकल विरोधी कानून लागू करने जैसे कदम उठाए हैं और खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

महापौर ने कहा कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्मदिन भी प्रदेशभर में विभिन्न सेवा कार्यक्रमों के साथ मनाया जाएगा। इसी के साथ 16 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत सेवा, जनभागीदारी, संवाद और विभिन्न जनकल्याणकारी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। अभियान के दौरान केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के साथ पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। सरकार द्वारा घोषित अभियान में विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, लाभार्थियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी पर भी जोर दिया गया है।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री धामी ने अपने कार्यकाल में युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने, पारदर्शी भर्ती व्यवस्था स्थापित करने, शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में अनेक कदम उठाए हैं। प्रदेश में विकास योजनाओं को तेजी से धरातल पर उतारने के साथ सरकार समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का ऊधम सिंह नगर और तराई क्षेत्र से विशेष जुड़ाव रहा है। ऐसे में मुख्यमंत्री के जन्मदिन को सेवा कार्यों के माध्यम से मनाना कार्यकर्ताओं के लिए विशेष अवसर है। उन्होंने आह्वान किया कि सेवा संकल्प अभियान को केवल कार्यक्रमों तक सीमित न रखते हुए जरूरतमंद लोगों की मदद और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने का माध्यम बनाया जाए।

कार्यक्रम में समाजसेवी जसविंदर सिंह खरबंदा, राजू नबियाल, विपिन गहलौत (बिट्टू चौहान), विजय तोमर, पार्षद राजेश जग्गा, विष्णु, पवन राणा, संतोष गुप्ता, चन्द्रसेन चंदा, एमपी मौर्य, बीनू, राजन राठौर, रचित सिंह, मुकेश कुमार रस्तोगी, संदीप गुंबर, विवेक रावत, नितिन ठाकुर, गोविंद शर्मा, अभिषेक तिवारी, दीपक राठौर, राजेंद्र राठौर, सुनील सिंह, विशाल, मनीष गोस्वामी, मनोज कर्नाटक, शुभम चौहान और मनोज गहतोड़ी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे।