फर्रुखनगर में वेयरहाउस से 1200 हार्ड बोर्ड शीट चोरी:गार्ड और कबाड़ी पर मिलीभगत का आरोप, कंपनी मैनेजर ने दर्ज कराई FIR
गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर के ताजनगर में एक वेयरहाउस से करीब 1200 हार्ड बोर्ड शीट चोरी होने का मामला सामने आया है। कृष्णा मारुति लिमिटेड प्लास्टिक डिवीजन-5 के फैक्ट्री मैनेजर सुनील वर्मा की शिकायत पर फर्रुखनगर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत में वेयरहाउस के सुरक्षा गार्ड और एक स्क्रैप विक्रेता पर मिलीभगत कर चोरी करने का आरोप है। फैक्ट्री मैनेजर सुनील वर्मा ने पुलिस को बताया कि कंपनी का वेयरहाउस ताजनगर में ASR एसोसिएट्स, LSE-2004 में है। यहां सुरक्षा के लिए सिक्योरिटी ऑन लाइन ने प्रशांत मिश्रा को सुरक्षा गार्ड के तौर पर तैनात किया था। आरोप है कि गार्ड प्रशांत मिश्रा ने मंसूरी ट्रेडर्स से जुड़े स्क्रैप विक्रेता मो. सारिक के साथ मिलकर वेयरहाउस से हार्ड बोर्ड शीट बाहर निकलवाईं। अलग-अलग तारीखों में हुई चोरी शिकायत के अनुसार, चोरी की वारदातें 13 अगस्त, 22 अगस्त, 29 अगस्त, 1 सितंबर और 2 सितंबर 2026 को हुईं। कंपनी की जांच में करीब 1200 हार्ड बोर्ड शीट चोरी होने का पता चला है। शिकायतकर्ता ने आशंका जताई है कि हार्ड बोर्ड शीट के अलावा वेयरहाउस से और सामान भी चोरी हुआ हो सकता है। मैनेजर ने पुलिस से मामले की गहन जांच कर चोरी का सामान बरामद करने और आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की है। इस मामले में और लोगों के शामिल होने की संभावना भी जताई गई है। फर्रुखनगर थाने में शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस टीम मौके पर जांच के लिए गई। पुलिस अब वेयरहाउस से सामान निकलने की पूरी प्रक्रिया, इसमें शामिल लोगों की भूमिका और चोरी हुए माल की बरामदगी की जांच कर रही है।



