फतेहाबाद में हनीट्रैप के आरोप में 3 गिरफ्तार:रिटायर्ड सूबेदार को फंसाकर ठगे थे साढ़े 5 लाख; ऑडियो रिकॉर्डिंग हुई थी वायरल
फतेहाबाद जिले की भूना थाना पुलिस ने हनी ट्रैप कर ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी भीम आर्मी से भी जुड़े हुए हैं। इन पर रिटायर्ड सूबेदार को अपने जाल में फंसाने का आरोप लगा था। आरोपियों ने 5 लाख 50 हजार रुपए ठग लिए थे। भूना थाना प्रभारी ओमप्रकाश ने बताया कि रिटायर्ड सूबेदार धीर सिंह की शिकायत पर इस मामले में केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया था कि कुछ लोगों ने षड्यंत्र रचकर झूठे आरोप लगाए और उससे लाखों रुपए वसूल किए। उसकी प्रतिष्ठा को धूमिल करने की धमकी दी। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने पुलिस को एक ऑडियो रिकॉर्डिंग भी उपलब्ध करवाई थी। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए गए पुलिस जांच में आरोपियों के खिलाफ प्रथम जांच में आरोप सही पाए जाने पर उनके खिलाफ केस दर्ज किया गया। इसके बाद विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई और तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों में भूना निवासी कुलदीप बौद्ध, टेकाराम, हरपाल बौद्ध शामिल हैं। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
