नारनौल में दुकानों से पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त:कालाबाजारी रोकने के लिए फूड एवं सप्लाई टीम ने की कार्रवाई
नारनौल क्षेत्र में घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग और इनकी कालाबाजारी को रोकने के लिए आज फूड एवं सप्लाई विभाग द्वारा छापेमारी की गई। इस कार्रवाई के दौरान टीम ने विभिन्न स्थानों पर औचक निरीक्षण किया और नियमों की अवहेलना पाए जाने पर मौके से पांच घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए। सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने बताया कि जिला प्रशासन को पिछले कुछ समय से घरेलू सिलेंडरों के गलत इस्तेमाल की सूचनाएं मिल रही थीं, जिस पर संज्ञान लेते हुए आज एक विशेष टीम का गठन किया गया। सुरक्षा के लिहाज से खतरनाक इस टीम में इंस्पेक्टर प्रीति यादव, सब-इंस्पेक्टर मनीष गुर्जर और संदीप शामिल रहे, जिन्होंने क्षेत्र के संदिग्ध जगहों पर दबिश दी। उन्होंने कहा कि घरेलू उपयोग के लिए रियायती दरों पर मिलने वाले सिलेंडरों का व्यावसायिक प्रतिष्ठानों या अन्य अवैध गतिविधियों में प्रयोग करना कानूनन अपराध है और इससे न केवल राजस्व का नुकसान होता है, बल्कि सुरक्षा के लिहाज से भी यह बेहद खतरनाक है। अवैध भंडारण करना गलत उन्होंने कहा कि यदि कोई व्यक्ति गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी या उनके अवैध भंडारण में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सहायक खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी ने आमजन से भी अपील की है कि वे घरेलू गैस का दुरुपयोग न करें और यदि कहीं भी ऐसी अनियमितता दिखाई दे तो तुरंत संबंधित विभाग को सूचित कर सकते हैं।



