चरखी दादरी में कीटनाशक के प्रभाव से व्यक्ति की मौत:खेत में कर रहा था छिड़काव, महेंद्रगढ़ अस्पताल में दम तोड़ा
चरखी दादरी जिले के एक व्यक्ति की बुधवार को खेत में कीटनाशक छिड़कते समय तबीयत बिगड़ गई। उन्हें महेंद्रगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने गुरुवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया और आगे की कार्रवाई में जुट गई है। चरखी दादरी जिले के बडराई गांव निवासी नवीन ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि बुधवार को उनके पिता संजय कुमार अपने खेत (बाग) में कीटनाशक दवाई का छिड़काव करने गए थे। नवीन के अनुसार, उनके पिता संजय कुमार कीटनाशक घोल तैयार कर पौधों पर छिड़क रहे थे। नवीन उस समय करीब डेढ़ किलोमीटर दूर कुएं से पानी लेने गए हुए थे। इलाज के दौरान तोड़ा दम जब वह पानी लेकर बाग में लौटे, तो उन्होंने देखा कि उनके पिता दवाई छिड़कते-छिड़कते अचानक बेहोश हो गए थे। नवीन ने तुरंत परिवार के सदस्यों को इसकी सूचना दी। इसके बाद, संजय कुमार को महेंद्रगढ़ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। नवीन ने अपने बयान में कहा कि इसमें किसी की कोई गलती नहीं है और उनके पिता की मौत पौधों पर दवाई छिड़कते समय जहरीले पदार्थ के असर से हुई है। उन्होंने पुलिस से पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



