गुरुग्राम में दो पक्षों में झड़प, मारपीट:पैसे के लेन-देन को लेकर चले लाठी-डंडे, कई घायल, पुलिस ने कराया समझौता
गुरुग्राम के व्यस्त रेलवे रोड पर शुक्रवार रात करीब आठ बजे पैसे के लेन-देन को लेकर दो पक्षों में झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी और डंडे निकल आए, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। इस घटना में दोनों पक्षों के कई लोगों को चोटें लगीं। मारपीट के कारण सड़क पर वाहन चालकों को भी परेशानी हुई। स्थानीय लोगों ने बताया कि रेलवे रोड पर शराब के ठेके के पास अक्सर शराबी हंगामा करते हैं। इससे राहगीरों और दुकानदारों की सुरक्षा पर हमेशा खतरा बना रहता है। किसी भी पक्ष ने दर्ज नहीं कराई शिकायत क्षेत्रवासियों ने पुलिस से ऐसे असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई करने की मांग की है। घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-5 थाना पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले यातायात को सामान्य कराया। थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती जांच में विवाद की मुख्य वजह पैसों का लेन-देन सामने आई है। पुलिस ने हालात को काबू में करते हुए दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया। इसके बाद उनका आपस में समझौता करा दिया गया। फिलहाल किसी भी पक्ष ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है। थाना प्रभारी का साफ कहना है कि अगर कोई पक्ष शिकायत दर्ज कराता है, तो कानून के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



