हांसी में कार ने ऑटो को टक्कर मारी, ड्राइवर घायल:हादसे में पलटकर खाई में गिरा; एंबुलेंस टीम ने कैश परिवार को लौटाया
हांसी में सोमवार को गीता चौक के पास एक सड़क हादसे में ऑटो ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। बता दें कि एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गया। दरअसल, हिसार के चंदन नगर निवासी 43 वर्षीय अजय हांसी में सामान उतारकर वापस लौट रहे थे। यह हादसा शाम करीब पांच बजे केएफसी के सामने हुआ। जहां पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो कई बार पलटते हुए खाई में जा गिरा और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। एंबुलेंस टीम ने घायल को पहुंचाया अस्पताल हादसे के समय घायल अजय के पास हजारों रुपए की नकदी थी, जो उन्हें सामान उतारने के बाद मिली थी। मौके पर पहुंची एंबुलेंस टीम ने घायल अजय को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और उनकी नकदी को सुरक्षित रख लिया। डॉक्टरों ने हिसार किया रेफर हांसी के सामान्य अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने अजय की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें हिसार रेफर कर दिया। अस्पताल के एंबुलेंस कर्मचारियों ने ईमानदारी का परिचय देते हुए घायल की पूरी नकदी उनके परिजनों के पहुंचने पर सुरक्षित सौंप दी। हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और टक्कर मारने वाले वाहन की तलाश की जा रही है।



