सिरसा में बारात न लाने पर दुल्हन पक्ष का हंगामा:फरीदकोट में तय हुआ रिश्ता, पंजाब पुलिस में आरोपी दूल्हा, दो दिन पहले शादी से मना किया
सिरसा जिले के एक गांव में दूल्हा पक्ष द्वारा बारात ना लाने से नाराज दुल्हन पक्ष के परिजनों और ग्रामीणों ने हंगामा किया। लड़की और उसके परिजनों का आरोप है कि लड़का पक्ष वाले बारात लेकर नहीं आए। दुल्हा पंजाब पुलिस में तैनात है। लड़की पक्ष ने पुलिस को शिकायत दी है। पुलिस ने वर पक्ष पर महिला की लज्जा भंग करने समेत विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। करनैल सिंह ने बताया कि उनके एरिया के रहने वाले एक व्यक्ति ने अपनी बेटी का रिश्ता पंजाब में फरीदकोट के युवक से तय किया हुआ था। 26 तारीख को शादी तय कर रखी थी। घरवालों ने शादी के लिए सभी तैयारियां कर ली थी। दो दिन पहले 24 तारीख को लड़का पक्ष वालों का फोन आया कि हम नहीं आएंगे। इसके बाद लड़की वाले उनसे मिलने गए तो पता चला कि उनके पड़ोस का एक व्यक्ति, जो लड़का पक्ष वालों का जानकार है और वह भी पंजाब पुलिस में हैं। उसी ने उनको भड़का दिया कि लड़की मिसिंग हो गई। इस बात को लेकर बवाल हो गया। अगले दिन 27 तारीख को परिजन शिकायत देने पुलिस थाने पहुंच गए। आरोप है कि पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया। इसके बाद उन्होंने डबवाली एसपी से बात की। आज (शनिवार को) लड़की के परिजन व ग्रामीण फिर थाने पहुंचे तो केस दर्ज किया गया। इसके बाद परिजन शांत हुए और वापस घर लौटे। वहीं, लड़की पक्ष वालों से बात की गई तो उन्होंने परिवारिक समझौता करने की बात कही। सभी पक्षों को बुलाया जाएगा : थाना प्रभारी इस मामले में ओढा पुलिस थाना प्रभारी अनिल कुमार का कहना है कि लड़की पक्ष वाले शुक्रवार को भी आए थे, पर शिकायत नहीं दी। शनिवार को शिकायत दी तो केस दर्ज कर लिया है। अब सभी पक्षों को बुलाया जाएगा और जांच में शामिल कर पूछताछ की जाएगी। लड़की के मिसिंग की कोई कंप्लेंट नहीं आई थी।



