फतेहाबाद में प्याज के खेत से अफीम के पौधे:घर के पीछे फसल के बीच लगाए; सीआईए स्टाफ ने मकान मालिक अरेस्ट किया
फतेहाबाद में प्याज की खेती के बीच अफीम उगाने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। सीआईए रतिया पुलिस ने आरोपी को काबू कर उसके घर के पीछे प्याज की फसल में छिपाकर लगाए गए अफीम के पौधे बरामद किए हैं। आरोपी ने बड़ी चालाकी से अफीम की खेती करने का प्रयास किया। सीआईए रतिया प्रभारी प्रदीप कुमार के अनुसार, उन्हें सूचना मिली थी कि रायपुर ढाणी निवासी अंग्रेज सिंह ने अपने घर के पीछे प्याज की खेती के बीच अफीम के पौधे लगा रखे हैं। पौधे इस प्रकार लगा रखे थे कि सामान्य रूप से देखने पर वह केवल सब्जी की खेती नजर आती है। 20 पौधे बरामद किए गए आरोपी को भ्रम था कि प्याज की फसल के बीच छिपे अफीम के पौधों पर किसी का ध्यान नहीं जाएगा। मगर पुलिस ने सूचना मिलने के बाद एएसआई रघुबीर सिंह के नेतृत्व में उसके घर के पीछे रेड की। जहां से अफीम के 20 पौधे बरामद कर लिए गए। एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज पुलिस ने मौके पर ही आरोपी को काबू कर लिया तथा अवैध रूप से उगाए गए पौधों को जब्त कर लिया। प्रदीप कुमार ने बताया कि आरोपी अंग्रेज सिंह के विरुद्ध भूना थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है।



