समालखा में महिला के गले से तोड़ी सोने की चेन:भापरा से दूध ला रही थी, स्विफ्ट कार में स्नैचर फरार
पानीपत जिले के समालखा की संगम कॉलोनी में भापरा गांव से दूध लेकर लौट रही एक महिला के गले से सोने की चेन झपट ली गई। यह घटना शाम करीब 6:07 बजे कॉलोनी गेट के पास हुई। बदमाश सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर फरार हो गए। पीड़ित महिला पूजा ने बताया कि वह अपनी बहन मंजू और एक पड़ोसन के साथ रोजाना की तरह शाम 5:25 बजे भापरा गांव दूध लेने गई थी। वहां से करीब 6 बजे लौटते समय कॉलोनी गेट से कुछ ही दूरी पर उनके पीछे एक युवक पैदल चल रहा था। उसने अचानक पूजा के गले से लगभग 14 ग्राम की सोने की चेन छीन ली। महिला के चिल्लाने पर लोग दौड़े पूजा के चिल्लाने पर आसपास के लोग दौड़े, लेकिन युवक पहले से खड़ी सफेद रंग की स्विफ्ट कार में सवार होकर भाग गया। कार की नंबर प्लेट पर टेप चिपका हुआ था। पूजा की बहन मंजू ने भी लगभग 20 ग्राम की चेन पहनी हुई थी, लेकिन चोर ने केवल पूजा को निशाना बनाया। घटना की सूचना मिलते ही आसपास के दुकानदार और लोग इकट्ठा हो गए। 112 पर कॉल करने के बाद पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस थाना प्रभारी दीपक कुमार, चौकी इंचार्ज वीरेंद्र, सीआईए वन और एएनसी टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया, पूछताछ की और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। थाना प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस हर संभव कोण से जांच कर रही है। उन्होंने जल्द ही चोर को पकड़ने का आश्वासन दिया।



