नूंह पुलिस ने मक्त कराई 16 गाय:तीन गोतस्कर गिरफ्तार, कैंटर में भरकर ला रहे थे, दो कनार्टक के रहने वाले
नूंह पुलिस ने सदर थाना पुनहाना क्षेत्र में 16 गायों से भरे एक कैंटर को पकड़ा है। इस कार्रवाई में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से पांच मोबाइल फोन भी बरामद हुए हैं। सभी गायों को सुरक्षित फिरोजपुर झिरका स्थित गोशाला भेज दिया गया है। सदर थाना पुनहाना के प्रभारी निरीक्षक नरेश कुमार को सूचना मिली थी कि सिकरावा से गोढ़ौला की ओर एक कैंटर में गायों की तस्करी की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने गांव गोढ़ौला स्थित पेठा कंपनी के पास नाकाबंदी की और वाहनों की जांच शुरू कर दी। नाकाबंदी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध कैंटर को रोका और तलाशी ली। वाहन से 16 गाय बरामद हुईं। मौके से तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनकी पहचान किफायत निवासी जाड़ौली, थाना सदर पुनहाना, नूंह, जयनाथ निवासी कर्नाटक और अमर निवासी कर्नाटक के रूप में हुई है। गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम के तहत केस दर्ज सदर थाना पुनहाना में हरियाणा गोवंश संरक्षण एवं गोसंवर्धन अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर इस पूरे तस्करी नेटवर्क का पता लगाने में जुटी है। थाना प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड की मांग की जाएगी। रिमांड के दौरान गायों को लाने और ले जाने के स्थान के साथ-साथ इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।



