धामी सरकार की नई पहल, लॉन्च हुआ 'मनोरमा कृषि रक्षक' ऐप, किसानों का इस तरह बनेगा सहायक
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए तैयार किए गए मोबाइल एप्लिकेशन ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ को लॉन्च किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा ...
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए तैयार किए गए मोबाइल एप्लिकेशन ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ को लॉन्च किया। मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने मनोरमा डबराल जन कल्याण समिति द्वारा विकसित इस ऐप का शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह एप्लिकेशन किसानों और स्वयं सहायता समूहों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है। उन्होंने संस्था को इस पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि आधुनिक तकनीक के जरिए कृषि से जुड़ी जरूरी जानकारी और सेवाओं को किसानों तक आसानी से पहुंचाया जा सकता है।
एक ही प्लेटफॉर्म पर मौसम और खेती की जानकारी
समिति के प्रतिनिधियों के मुताबिक, ‘मनोरमा कृषि रक्षक’ ऐप किसानों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर कई महत्वपूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें किसानों को रियल-टाइम मौसम की जानकारी और अलर्ट मिलेंगे।
इसके अलावा ऐप के जरिए अलग-अलग फसलों के लिए फसल-विशेष कृषि सलाह, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) आधारित फसल रोग की पहचान, कृषि संबंधी जानकारी और बाजार से जुड़ी सूचनाएं उपलब्ध कराने की योजना है।
परिवहन और लॉजिस्टिक्स की सुविधा भी
ऐप में किसानों के लिए परिवहन और लॉजिस्टिक्स से जुड़ी सुविधाओं को भी शामिल किया गया है। इसका उद्देश्य किसानों को खेती से लेकर बाजार तक की जरूरतों से जुड़ी जानकारी और सेवाएं एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।
सरकार और संस्था का मानना है कि कृषि क्षेत्र में तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल से किसानों को सही समय पर मौसम, फसल और बाजार से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी, जिससे उन्हें बेहतर निर्णय लेने में मदद मिलेगी।



