गन प्वाइंट पर लूटपाट करने वाले 2 गिरफ्तार:नदी से नहा कर लौट रहे थे पीड़ित, लूट के रुपए और हथियार पुलिस ने किया बरामद
औरंगाबाद में हथियार दिखाकर राहगीरों का पर्स और अन्य सामान छीनने वाले गिरोह का खुलासा किया है। डायल-112 की पुलिस की मदद से बारुण थाना की पुलिस ने 2 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लोगों में केशोपुर गांव निवासी रामदास राम का 19 वर्षीय बेटा सुनील कुमार और सुरेश चौधरी का 19 वर्षीय बेटा आकाश कुमार शामिल है। बुधवार शाम पुलिस अधीक्षक कार्यालय में ट्रैफिक डीएसपी मनोज कुमार ने जानकारी दी। उनके पास से राहगीर से लूटे गए ₹200 नगद और एक रिवॉल्वर बरामद किया गया है। डीएसपी ने बताया कि मंगलवार की दोपहर दोनों अपराधियों ने बारुण थाना क्षेत्र के न्यू सोन नगर लिंक रेलवे सोन नदी से नहा कर लौट रहे एक युवक को हथियार का भय दिखाकर 2 सौ रुपए नगद छीन लिया था। वारदात के बाद पीड़ित लड़का शोर मचाने लगा। आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे मजदूर पहुंचे। उन्होंने डायल-112 को सूचना दी। दोनों बदमाश पर्स लूटकर भागने लगे। फ्रेट कॉरिडोर डीएफसीसीआईएल रेलवे ट्रैक पर काम कर रहे मजदूरों, रेलवे कर्मचारियों और डायल-112 की टीम ने पीछा कर दोनों को पकड़ लिया। दोनों के खिलाफ केस दर्ज किया बारुण थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों को हिरासत में ले लिया। आसपास मौजूद लोगों के बयान दर्ज किए गए। बारुण थाना में दोनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पूछताछ में दोनों ने अपराध स्वीकार कर लिया है। पुलिस ने जिले के अन्य थानों को उनके आपराधिक इतिहास की जांच के लिए सूचना भेजी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है। इस कार्रवाई में बारुण थानाध्यक्ष राम इकबाल यादव, डायल 112 की टीम, रेलवे कर्मचारी और अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
