कैथल में विदेश भेजने के नाम पर लाखों ठगे:अमेरिका भेजने का झांसा दिया, 70 लाख रुपए लेकर मुकरे एजेंट
कैथल में एक युवक को विदेश भेजने के नाम पर दो आरोपियों ने 70 लाख रुपए हड़प लिए। आरोपियों ने उसे अमेरिका भेजने का झांसा दिया था। साथ ही यह भी कहा था कि वे उसे अमेरिका में नागरिकता दिलवा देंगे और काम भी दिलवाएंगे, लेकिन रुपए लेने के बाद आरोपियों ने न तो उसे विदेश भेजा और न ही वापस मांगने पर उसकी राशि वापस की। इस संबंध में युवक ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। विदेश जाना चाहता था युवक गांव सांघन निवासी अनिल ने सिविल लाइन थाना में दी शिकायत में बताया कि करीब 1 साल पहले वह विदेश जाना चाहता था। इस संबंध में उसने कैथल निवासी सतनाम व उसके अन्य साथियों से बातचीत की। वे युवाओं का विदेश भेजने का काम करते हैं। अमेरिका में पक्का करवाने का झांसा दिया आरोपियों ने उसे 70 लाख रुपए में अमेरिका भेजने की बात कही और साथ ही यह भी कहा कि वे उसे वहां की पीआर दिलवा देंगे, लेकिन आरोपियों ने रुपए लेने के बाद उसे विदेश नहीं भेजा। न ही उसकी राशि वापस की। जब उसने आरोपियों से अपने रुपए वापस मांगे तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। ऐसा करके आरोपियों ने उसके 70 लाख रुपए हड़प लिए। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि इस संबंध में पुलिस के पास शिकायत आई है। पुलिस ने युवक के बयान पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।



