एक्सप्रेस-वे पर अनियंत्रित ट्रेलर पलटा, बड़ा हादसा टला:आगे चल रहे ट्रक के अचानक लेन बदलने से हादसा, कार लेकर कन्याकुमारी जा रहा था
बूंदी के देईखेड़ा में मंगलवार देर शाम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गया। यह घटना लबान टोल से कुछ दूरी पहले हुई। जानकारी के अनुसार ट्रेलर गुड़गांव से कारों को लेकर कन्याकुमारी की ओर जा रहा था। इसमें कई कारें लदी हुई थीं। ट्रेलर के ड्राइवर हामिद ने बताया कि उनके आगे चल रहे एक अन्य ट्रक ने अचानक अपनी लेन बदल ली। इससे ट्रेलर अनियंत्रित हो गया और हाईवे के बेरियर तोड़ते हुए सड़क से नीचे उतर गया। गनीमत रही कि ट्रेलर नीचे गहरे गड्ढों में नहीं गिरा। वह सड़क बेरियर में ही फंसकर लटक गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। ड्राइवर और हेल्पर सतर्कता के साथ सुरक्षित नीचे उतरने में सफल रहे। हादसे में ड्राइवर को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलने पर एक्सप्रेस-वे के लबान टोल से पेट्रोलिंग टीम और अन्य कर्मी मौके पर पहुंचे। उन्होंने क्रेन की सहायता से ट्रेलर को निकालने का प्रयास शुरू किया।



