होर्मुज में न कोई जहाज घुसेगा, न निकलेगा, Donald Trump ने दी ईरान को धमकी
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा है कि अमेरिका जल्द ही Strait of Hormuz में नाकेबंदी शुरू करेगा और संदिग्ध समुद्री माइंस को हटाने की कार्रवाई करेगा। ट्रंप के इस बयान से ईरान पर दबाव और बढ़ गया है, जिसे उन्होंने वैश्विक समुद्री ...
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (Donald Trump) ने कहा है कि अमेरिका जल्द ही Strait of Hormuz में नाकेबंदी शुरू करेगा और संदिग्ध समुद्री माइंस को हटाने की कार्रवाई करेगा। ट्रंप के इस बयान से ईरान पर दबाव और बढ़ गया है, जिसे उन्होंने वैश्विक समुद्री व्यापार के लिए खतरा बताया।
ट्रंप ने ‘ट्रुथ सोशल’ पर किए गए दो पोस्ट में ईरान पर आरोप लगाया कि वह इस अहम तेल मार्ग को खुला रखने में विफल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अमेरिका इस जलमार्ग की सुरक्षा के लिए व्यापक नौसैनिक कार्रवाई करेगा। उन्होंने लिखा- तुरंत प्रभाव से अमेरिकी नौसेना, जो दुनिया की सबसे बेहतरीन है, होर्मुज जलडमरूमध्य में प्रवेश करने या बाहर निकलने वाले सभी जहाजों की नाकेबंदी की प्रक्रिया शुरू करेगी।
ट्रंप ने यह भी कहा कि अमेरिकी सेना उन जहाजों के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी जो ईरान से जुड़े टोल भुगतान से संबंधित हैं। साथ ही क्षेत्र में समुद्री माइंस को हटाने का अभियान भी चलाया जाएगा।
उन्होंने ईरान की कार्रवाई को “जबरदस्ती” करार देते हुए कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य, जो Persian Gulf और Gulf of Oman के बीच स्थित एक बेहद महत्वपूर्ण संकीर्ण मार्ग है, वैश्विक कच्चे तेल और तरलीकृत गैस आपूर्ति का बड़ा हिस्सा संभालता है। ऐसे में यहां किसी भी तरह की बाधा या सैन्य तनाव का सीधा असर ऊर्जा बाजार और समुद्री व्यापार पर पड़ेगा।
ट्रंप ने समुद्र में किसी भी टकराव की स्थिति में कड़ी कार्रवाई की चेतावनी देते हुए कहा, “कोई भी ईरानी जो हम पर या शांतिपूर्ण जहाजों पर गोली चलाएगा, उसे पूरी तरह खत्म कर दिया जाएगा।”
एक अन्य पोस्ट में उन्होंने दोहराया कि ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने का वादा किया था, लेकिन उसने जानबूझकर ऐसा नहीं किया। उन्होंने कहा कि समुद्री माइंस के खतरे के कारण कई जहाज मालिक इस मार्ग का उपयोग करने से बच रहे हैं।
इस बीच, ट्रंप ने क्षेत्रीय तनाव को लेकर कूटनीतिक गतिविधियों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि उन्हें उपराष्ट्रपति JD Vance समेत अन्य अधिकारियों ने इस्लामाबाद में हुई बातचीत की जानकारी दी, जिसमें पाकिस्तान के सैन्य प्रमुख असीम मुनीर और प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ शामिल थे।
ट्रंप ने दावा किया कि ईरान की सैन्य क्षमता काफी हद तक कमजोर हो चुकी है और जरूरत पड़ने पर अमेरिका आगे भी कार्रवाई के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने कहा कि उचित समय पर हम पूरी तरह तैयार हैं और हमारी सेना ईरान की बची-खुची ताकत को भी खत्म कर देगी।”
ट्रंप ने संकेत दिया कि यह नाकेबंदी जल्द शुरू हो सकती है और इसमें अन्य देश भी शामिल हो सकते हैं, जिससे इस रणनीतिक जलमार्ग की सुरक्षा को लेकर अंतरराष्ट्रीय भागीदारी बढ़ने की संभावना है। उन्होंने कहा कि यह वैश्विक स्तर पर जबरन वसूली है और अमेरिका जैसे देश इसे कभी स्वीकार नहीं करेंगे। Edited by : Sudhir Sharma



