सांपला के डंपिंग एरिया में लगी आग:गौशाला का चारा गोदाम 10 फुट दूर, फायर ब्रिगेड पर समय से नहीं पहुंचने का आरोप
रोहतक जिले के सांपला में स्थित डंपिंग एरिया में मंगलवार को आग लग गई। जिससे आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। आग की सूचना मिलने के बावजूद, फायर ब्रिगेड की गाड़ियां एक घंटे से भी अधिक की देरी से मौके पर पहुंचीं। रोहतक से आई फायर ब्रिगेड की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना के समय नगरपालिका कार्यालय बंद होने के कारण स्थानीय प्रशासन से तत्काल कोई मदद नहीं मिल सकी। ऐसे में पास स्थित श्री राधा कृष्ण गौशाला की कमेटी और गौ सेवकों ने स्थिति संभाली। उन्होंने अपने निजी खर्च पर जेसीबी मशीन बुलाकर कूड़े के ढेर में कटाव कराया, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके। 10 फुट की दूरी पर है गौशाला का चारा गोदाम डंपिंग एरिया के ठीक पास ही गौशाला स्थित है, जहां लगभग 400 गोवंश मौजूद हैं। आग लगने वाली जगह से मात्र 10 फुट की दूरी पर ही गौशाला का तूड़ी और चारा गोदाम बना हुआ है, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गया। फायर ब्रिगेड पर समय से नहीं पहुंचने का आरोप गौशाला कमेटी के सदस्यों ने आरोप लगाया है कि उन्होंने कई बार इस अवैध रूप से फैले कूड़े के ढेर की शिकायत नगरपालिका में की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने फायर ब्रिगेड पर भी समय पर न पहुंचने का आरोप लगाया। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। गौशाला के पास कूडा हटाने की मांग स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि गौशाला के पास जमा इस कूड़े के ढेर को तुरंत हटाया जाए और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएं। इस घटना ने एक बार फिर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।



