श्रीगंगानगर में भाजपा नेता के घर चोरी VIDEO:बेटे की शादी के कार्यक्रम में वयस्त था परिवार, लाखों के जेवरात व कैश चुराकर भागे
श्रीगंगानगर में भाजपा नेता और नगर परिषद के पूर्व उपसभापति महेश गुप्ता के घर चोरों ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया। परिवार बेटे की शादी के कार्यक्रम में रजवाड़ा पैलेस में मस्त था। इस दौरान चोर सूने घर में घुसे और लाखों रुपए के सोने के जेवरात व कैश चोरी कर भाग गए। वारदात घर में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई, जिसमें दो चोर दिखाई दे रहे हैं। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। सुबह करीब 8:30 बजे पड़ोसी ने टूटे ताले देखकर महेश गुप्ता को सूचना दी। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घर में लोहे की रॉड से ताले तोड़े गए। ऊपर के कमरे और लॉबी में रॉड पड़ी मिली। साथ ही चोरों ने सीसीटीवी कैमरे का वाई-फाई डोंगल तोड़ दिया था। महेश गुप्ता ने बताया- चोर विनोबा बस्ती स्थित उनके घर में रखी अलमारी से पति-पत्नी और बेटी के सोने के जेवरात चोरी कर ले गए। अलमारी में 20 तोला सोना और डेढ़ लाख कैश था। जबकि, चोरों ने आर्टिफिशियल ज्वैलरी और मोबाइल फोन छोड़ दिए। परिवार पुत्रवधू के लिए सोने के जेवरात पैलेस ले गए थे, जिससे वो बच गए। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश युवक लोहे की रॉड लेकर घर में घुसते दिखाई दे रहे हैं। चोर सीढ़ियों से पहली मंजिल पर चढ़े थे। महेश गुप्ता ने बताया- रात 2 बजे घर आने वाला था, लेकिन परिवार ने रोक लिया। थकान के चलते होटल में ही सो गया। वरना शायद चोर पकड़े जाते। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।



