मुंबई-वाराणसी फ्लाइट में यात्री हुआ बीमार:बाबतपुर एयरपोर्ट पर हुई इमरजेंसी लैंडिंग, समय पर इलाज मिलने से बची जान
मुंबई से वाराणसी आ रही अकासा एयर की एक फ्लाइट में मंगलवार शाम एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ होने के बाद विमान की वाराणसी एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। एयरपोर्ट पर तत्काल इलाज मिलने से यात्री की जान बच गई। दरअसल, अकासा एयर की फ्लाइट क्यूपी-1429 ने मंगलवार शाम मुंबई एयरपोर्ट से वाराणसी के लिए उड़ान भरी थी। उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही 26 वर्षीय यात्री खुर्शीद आलम की तबीयत खराब हो गई। खुर्शीद आलम अस्थमा के मरीज थे, जिसके कारण उन्हें सांस लेने में गंभीर परेशानी होने लगी। जानकारी मिलने के बाद केबिन क्रू ने तत्काल उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट दिया। उसके बाद उनकी सेहत में थोड़ी सुधार आई। वहीं पायलट ने तुरंत वाराणसी एयरपोर्ट के एटीसी को सूचना दी और मेडिकल इमरजेंसी लैंडिंग की अनुमति मांगी। एटीसी ने एयरपोर्ट प्रशासन को सूचित करते हुए लैंडिंग की अनुमति दे दी। सूचना मिलने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर डॉक्टरों की टीम पूरी तैयारी के साथ अलर्ट हो गई। फ्लाइट शाम 7:20 बजे वाराणसी एयरपोर्ट पर उतरी। डॉक्टरों की टीम ने तुरंत यात्री को एयरपोर्ट के मुख्य टर्मिनल भवन में स्थित मेडिकल इंस्पेक्शन रूम में पहुंचाया, जहां उनका इलाज शुरू किया गया। कुछ देर के उपचार के बाद यात्री की हालत सामान्य हो गई। डॉक्टरों ने बताया कि विमान में समय पर ऑक्सीजन सपोर्ट मिलने के कारण यात्री की तबीयत ज्यादा बिगड़ी नहीं थी। एयरपोर्ट पर इलाज के बाद यात्री पूरी तरह स्वस्थ हो गए और उन्हें आगे की यात्रा के लिए जाने की अनुमति दे दी गई। एयरपोर्ट अधिकारियों ने पुष्टि की कि इमरजेंसी लैंडिंग के बाद यात्री को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई, जिससे उनकी जान बचाई जा सकी।



