महम में आंधी-तूफान से टूटे बिजली के खंभे:कई स्थानों पर पेड़ गिरे, आपूर्ति बाधित रही, मंडी में पड़ा गेहूं भीगा
सोमवार रात रोहतक जिले के महम और आसपास के ग्रामीण इलाकों में आए तेज आंधी-तूफान से भारी नुकसान हुआ। तूफान के कारण पूरी रात बिजली आपूर्ति बाधित रही। जगह-जगह बिजली के खंभे टूटने से शहरवासियों और ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। तेज आंधी के कारण कई पेड़ सड़कों और रास्तों पर गिर गए, जिससे यातायात प्रभावित हुआ। वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर गिरे हुए पेड़ों को हटाया, ताकि आवागमन सामान्य हो सके। वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी तूफान में डेयरी का टिन शेड गिर खरकड़ा गांव में तूफान के कारण एक पशु डेयरी का शेड गिर गया। यह डेयरी राजबीर पुत्र ईश्वर की थी। गनीमत रही कि इस घटना में किसी भी पशु को कोई नुकसान नहीं पहुंचा, लेकिन डेयरी की इमारत को भारी क्षति हुई है। डेयरी से सटे राजबीर के मकान को भी काफी नुकसान हुआ है। राजबीर ने बताया कि वह भैंसों का दूध बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने कर्ज लेकर यह डेयरी स्थापित की थी। उन्होंने सरकार से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है। मंडी में भीगा खुले में पड़ा गेहूं महम अनाज मंडी में भी तूफान और बारिश से बड़ा नुकसान हुआ है। उठान धीमा होने के कारण हजारों क्विंटल गेहूं खुले में पड़ा था, जो बारिश में भीग गया। इससे किसानों और व्यापारियों को आर्थिक क्षति हुई है। आंधी-तूफान से हुए नुकसान के फोटो…



