पानीपत पुलिस ने नशा तस्कर को पकड़ा:गांजा बरामद, एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज, कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा
पानीपत जिले के थाना इसराना अंतर्गत मंगलवार शाम को सीआईए थ्री पुलिस टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 1 किलो 285 ग्राम गांजा बरामद किया गया बता दे कि पुलिस टीम इसराना के पास फाटक पार मोड़ पर गश्त के दौरान वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि इसराना-कारद रोड स्थित परढाना मोड़ के पास एक संदिग्ध युवक मादक पदार्थ के साथ घूम रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने मौके पर दबिश दी और युवक को काबू किया। पूछताछ में उसकी पहचान अझोकपा, पूर्णिया, बिहार निवासी मुकेश के रूप में हुई, जो फिलहाल परढाना में किराए पर रहता है। बिहार से लाया था गांजा ड्यूटी मजिस्ट्रेट ईटीओ अमित की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके हाथ में पकड़ी प्लास्टिक की थैली से 1 किलो 285 ग्राम गांजा मिला। प्रभारी इंस्पेक्टर विजय ने बताया कि आरोपी मुकेश ने पूछताछ में बताया कि उसने जल्दी पैसे कमाने के लिए करीब एक महीने पहले बिहार के पूर्णिया निवासी एक युवक से 2 किलो गांजा कम कीमत पर खरीदा था। कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया आरोपी ने कुछ गांजा राह चलते लोगों को बेच दिया था। शेष 1 किलो 285 ग्राम गांजा वह मंगलवार को बेचने के लिए ग्राहक की तलाश में घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी मुकेश के खिलाफ थाना इसराना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। बुधवार को पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।



