पंचकूला में पिता पर बेटी के यौन शोषण का आरोप:बचपन से उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात; आरोपी गिरफ्तार, पॉक्सो एक्ट में केस
पंचकूला जिले के कालका थाना क्षेत्र में एक पिता पर अपनी ही बेटी के साथ बचपन से यौन उत्पीड़न, मारपीट और गर्भपात कराने का आरोप लगा है। 18 वर्षीय पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, कालका निवासी पीड़िता ने 11 मई को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़िता ने बताया कि जब वह महज 7 वर्ष की थी, तभी से उसका पिता शराब के नशे में उसके साथ गलत हरकतें करता था। मां के ड्यूटी पर जाने के बाद दिन के समय आरोपी पिता उसका यौन शोषण और दुर्व्यवहार करता था। पीड़िता बोलीं- 9वीं कक्षा में हुई गर्भवती विरोध करने पर पीड़िता के साथ मारपीट की जाती थी, गाली-गलौज की जाती थी और जान से मारने की धमकियां दी जाती थीं। पीड़िता ने यह भी बताया कि 9वीं कक्षा में पढ़ते समय वह आरोपी की हरकतों के कारण गर्भवती हो गई थी। उस दौरान आरोपी पिता ने उसे कोई दवाई खिलाकर उसका गर्भपात करा दिया था। बीते शुक्रवार फिर किया रेप बीते शुक्रवार को सुबह लगभग 10 बजे भी आरोपी ने घर आकर पीड़िता के साथ जबरदस्ती की और हमेशा की तरह धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने पुलिस को शिकायत दी। कालका थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मनसा राम के नेतृत्व में आरोपी पिता के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2)(M), 115(2), 351(3) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत मामला दर्ज किया गया है।



