नूंह में संदिग्ध परिस्थिति में दुकानदार की मौत:दुकान के बाहर सो रहा, शरीर पर चोट के निशान, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
नूंह जिले के फिरोजपुर झिरका इलाके के रावली गांव में दिल्ली-अलवर रोड पर एक किरयाना की दुकान के बाहर दुकानदार का शव मिला है। रविवार सुबह जब परिजन उन्हें जगाने पहुंचे, तो इदरीश मृत पाए गए। मृत दुकानदार के शरीर पर चोट के निशान और कान के पास गहरा जख्म मिला है, जिससे मामला संदिग्ध लग रहा है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मृतक की पहचान 58 वर्षीय इदरीश कुरैशी पुत्र जुम्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि इदरीश हर रोज दुकान बंद करने के बाद बाहर बने टीन शेड के नीचे ही सोते थे। शनिवार रात भी वे हमेशा की तरह वहीं सो रहा था। रविवार की सुबह जब परिवार के लोग नमाज के लिए इदरीश को जगाने पहुंचे, तो इदरीश ने कोई जवाब नहीं दिया। पहले तो परिजनों ने सोचा कि वे सो रहे हैं, लेकिन कई बार आवाज देने पर भी जब कोई हलचल नहीं हुई, तो पास जाकर देखा। इदरीश मृत पड़े थे। कान के पास गहरा जख्म देखकर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने इसे सामान्य मौत मानने से इनकार कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही फिरोजपुर झिरका थाना प्रभारी सुभाष चंद्र पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया। फिरोजपुर झिरका के डीएसपी हरदीप सिंह भी मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम घटनास्थल से सबूत जुटा रही है। फिलहाल इदरीश का शव दुकान के बाहर ही रखा हुआ है। पुलिस घटनास्थल की जांच के साथ-साथ आसपास के इलाके और हालात की भी पड़ताल कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इदरीश की मौत हत्या है या किसी और वजह से हुई है।



