ट्रिपल इंजन सरकार में तेज हुई विकास की रफ्तारः महापौर

ट्रिपल इंजन सरकार में तेज हुई विकास की रफ्तारः महापौर

Apr 25, 2026 - 23:30
 0
ट्रिपल इंजन सरकार में तेज हुई विकास की रफ्तारः महापौर

ट्रिपल इंजन सरकार में तेज हुई विकास की रफ्तारः महापौर 

- संजय नगर खेड़ा में दी लाखों के विकास कार्यो की सौगात

रुद्रपुर। नगर की बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने और जन-आकांक्षाओं को धरातल पर उतारने के क्रम में महापौर विकास शर्मा ने वार्ड संख्या 11, संजय नगर खेड़ा में लाखों के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। क्षेत्रीय निवासियों की वर्षों पुरानी मांग को प्राथमिकता देते हुए महापौर ने 5.62 और 2.87 लाख लगत की दो सड़कों का विधिवत शिलान्यास किया। नारियल फोड़कर और फीता काटकर निर्माण कार्य का शुभारंभ करते हुए उन्होंने स्थानीय जनता को विश्वास दिलाया कि क्षेत्र का कायाकल्प उनकी सर्वाेच्च प्राथमिकता है। इस दौरान पूरा क्षेत्र ‘पुष्कर धामी जिंदाबाद’ और ‘विकास शर्मा जिंदाबाद’ के नारों से गुंजायमान रहा और वार्डवासियों ने पुष्पमालाओं के साथ महापौर का भव्य स्वागत कर अपनी खुशी का इजहार किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महापौर विकास शर्मा ने कहा कि आज रुद्रपुर का जो स्वरूप बदल रहा है, उसके पीछे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कुशल मार्गदर्शन और आशीर्वाद है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि प्रदेश में ‘ट्रिपल इंजन’ की सरकार विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और मुख्यमंत्री रुद्रपुर के चहुंमुखी विकास के लिए दिल खोलकर बजट आवंटित कर रहे हैं। महापौर ने आंकड़ों के साथ अपनी बात रखते हुए बताया कि नगर निगम ने महज एक वर्ष के भीतर 102 करोड़ रुपये की अभूतपूर्व विकास योजनाओं को धरातल पर उतारकर एक नया कीर्तिमान रचा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नगर निगम अब केवल एक प्रशासनिक निकाय नहीं, बल्कि एक बहुआयामी सेवा संस्था के रूप में उभर रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।

महापौर ने कहा कि विकास का यह सिलसिला थमने वाला नहीं है, बल्कि आने वाले समय में कई बड़े और महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट्स साकार होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि जनता ने उन्हें जो जिम्मेदारी एक सेवक के रूप में सौंपी है, उसे वह पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ निभा रहे हैं। संजय नगर खेड़ा क्षेत्र की लंबित मांगों को एक-एक कर पूरा किया जा रहा है और जल्द ही कई नई योजनाओं को अमलीजामा पहनाया जाएगा। नगर निगम की कार्यप्रणाली पर प्रकाश डालते हुए उन्होंने बताया कि शहर के हर वार्ड को समान रूप से विकसित करने के लिए निगम प्रतिबद्ध है और वह स्वयं हर कार्य की गुणवत्ता पर पैनी नजर रख रहे हैं।

इस गरिमामयी अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद नीतू राय और मानवेन्द्र राय ,निखिल मण्डल, सिद्धार्थ मलिक, विप्रो ढाली, चंदन ढाली, मुकेश मण्डल, मिंटू विश्वास, छोटू मण्डल, साधन मण्डल, लिपेनप विश्वास, बॉबी पासी, राम कुमार गुप्ता, अमल मण्डल, राजू मल्लिक, मनोज राय, अजीत गाईन, डॉ. सुकांत, तपन राय, सुदामा सरकार, प्रशांत मिस्त्री, आशुतोष बोस, अखिल साना और प्रियंका विश्वास समेत सैकड़ों वार्डवासियों ने उपस्थिति दर्ज कराई ।