कानपुर के जेके चौराहे पर निकला विशालकाय अजगर:सड़क पर हड़कंप, पुलिस ने रेस्क्यू कर वन विभाग को सौंपा
कानपुर के जाजमऊ थाना क्षेत्र स्थित जेके चौराहे पर मंगलवार रात करीब 9 बजे सड़क किनारे एक 3 मीटर लंबा अजगर दिखाई दिया। अजगर को देखकर राहगीरों और स्थानीय लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ और मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय निवासियों राहुल, सैफुल और अजीत ने बताया कि उन्होंने सड़क पर अजगर को रेंगते हुए देखा। किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही जाजमऊ पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाया। पुलिसकर्मियों ने राहगीरों की मदद से सावधानीपूर्वक अजगर का रेस्क्यू किया। काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित तरीके से बोरी में बंद कर कब्जे में लिया गया। इसके बाद वन विभाग की टीम को सूचित कर अजगर को उनके सुपुर्द कर दिया गया, ताकि उसे उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके। अजगर के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद स्थानीय लोगों ने राहत महसूस की। पुलिस ने जनता से अपील की है कि यदि कहीं जंगली या विषैले जीव दिखाई दें तो उन्हें पकड़ने का प्रयास न करें, बल्कि तत्काल पुलिस या वन विभाग को सूचना दें।



