सोनीपत में 10वीं रिजल्ट 93.73% रहा:पिछले साल की तुलना में रैंकिंग गिरावट; पास प्रतिशत 0.89% घटा,14085 छात्र पास, प्रदेश में दसवें स्थान पर रहा
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड (HBSE) ने दसवीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार प्रदेशभर में विद्यार्थियों के प्रदर्शन में सुधार देखने को मिला है, हालांकि कुछ जिलों का रिजल्ट पिछले साल की तुलना में थोड़ा कमजोर रहा है। इस बीच सोनीपत जिले का रिजल्ट पिछले वर्ष की तुलना में 0.89 प्रतिशत कम रहा और यह प्रदेश में दसवें स्थान पर रहा। सोनीपत में कुल 15028 विद्यार्थियों ने दसवीं की परीक्षा दी थी, जिनमें से 14085 छात्र पास हुए हैं। जिले का कुल पास प्रतिशत 93.73% रहा है। वहीं 222 विद्यार्थियों को रिअपीयर आई है। पिछले साल 2024 में सोनीपत का पास प्रतिशत 94.62% था, जो इस बार घटकर 93.73% रह गया है। प्रदेश में सोनीपत की रैंकिंग इस बार सोनीपत का परिणाम प्रदेश में दसवें स्थान पर रहा है। पिछले वर्षों की तुलना में यह एक गिरावट मानी जा रही है। प्रदेश में रेवाड़ी जिले ने सबसे अच्छा प्रदर्शन किया है, जहां दसवीं का रिजल्ट 96.85% रहा। दूसरे स्थान पर चरखी दादरी का 96.8%, तीसरे पर महेंद्रगढ़ का 95.78% और चौथे स्थान पर पानीपत का 95.74% परिणाम रहा है। यह जिलों का लगातार अच्छा प्रदर्शन उनकी शिक्षा व्यवस्था की मजबूती को दर्शाता है। रिजल्ट चेक करने में परेशानी रिजल्ट जारी होते ही बड़ी संख्या में छात्र वेबसाइट पर परिणाम देखने लगे, जिसके चलते वेबसाइट स्लो हो गई। कई छात्र-छात्राओं और अभिभावकों को रिजल्ट चेक करने में दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
