रायबरेली में सीनियर सेक्शन इंजीनियर के बेटे ने की आत्महत्या:घर के अंदर फांसी लगाकर दी जान, 10वीं का छात्र था मृतक
रायबरेली के लालगंज स्थित मॉडर्न रेलकोच कारखाने के आवासीय परिसर में मंगलवार को एक सीनियर सेक्शन इंजीनियर के बेटे ने अपने घर के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान विनायक के रूप में हुई है, जो कक्षा 10वीं का छात्र था। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। पुलिस इस मामले में मृतक के परिवारजनों और आवासीय परिसर के अन्य निवासियों से पूछताछ कर रही है ताकि आत्महत्या के कारणों का पता चल सके। घटना के बाद से परिवार में शोक का माहौल है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच पड़ताल में जुट गए हैं।



