मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक:बीकानेर में देहात कांग्रेस अध्यक्ष सहित तीन नेता काफिले में घुसे, बालमुकुंदाचार्य का विरोध
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सुरक्षा में चूक का मामला सामने आया है। शनिवार को देहात कांग्रेस अध्यक्ष बिशनाराम सियाग सहित तीन नेता मुख्यमंत्री के काफिले में घुसे और तख्तियां दिखाकर भाजपा विधायक बालमुकुंदाचार्य पर तिरंगे के अपमान का आरोप लगाया। दरअसल, प्रधानमंत्री की प्रस्तावित यात्रा से पहले निरीक्षण करने आए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का काफिला ओवरब्रिज के ऊपर से गुजर रहा था। इसी दौरान ओवरब्रिज के नीचे भीड़ में खड़े देहात अध्यक्ष बिशनाराम सियाग, शहर कांग्रेस के महासचिव आनन्द जोशी, कांग्रेस नेता श्रीकृष्ण गोदारा, अभिमन्यु ने हाथ में तख्तियां लेकर काफिले की ओर भागे। इस दौरान आनन्द जोशी सबसे पहले काफिले के नजदीक पहुंच गए। जोशी ने "सीएम साहब होश में आओ... " के नारे के साथ तख्तियां दिखाई। आमतौर पर हर बार मुख्यमंत्री के आने पर कांग्रेस नेताओं पर नजर रखी जाती है लेकिन इस बार पुलिस नजर रखने के बाद भी चूक गई। रानी बाजार ओवरब्रिज के पास काफी देर से कांग्रेस नेता तख्तियां लेकर खड़े थे लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। दो तरह की तख्तियां कांग्रेस नेताओं ने बाल मुकुंदाचार्य की तिरंगा यात्रा के फोटो से बनी एक तख्ती हाथ में ले रखी थी, वहीं एक अन्य तख्ती में मध्यप्रदेश के उन नेताओं की फोटो थी, जिन्होंने सेना की महिला अधिकारी सोफिया कुरेशी और व्योमिका सिंह के बारे में टिप्प्णी की थी।
