टोहाना में नहर में मिला युवती का शव:राहगीरों ने पड़ा देख सूचना दी, अभी पहचान नहीं हुई
फतेहाबाद के टोहाना के लोहा खेड़ा क्षेत्र की नहर में एक अज्ञात युवती का शव मिला है। राहगीरों की सूचना पर पुलिस और सहारा रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची। टीम ने शव को निकालकर सिविल अस्पताल में रखवाया। जानकारी के अनुसार मृतका की उम्र 20 वर्ष आंकी गई है। शव करीब 5 से 7 दिन पुराना है। युवती ने नीली जींस पहन रखी थी। उसकी पहचान के लिए कई सुराग मिले हैं। गले में लाल धागे में ताबीज बंधा था। एक हाथ में कड़ा और दूसरे हाथ की उंगली में छल्ला था। दोनों कानों में झुमके थे। पेट पर तागड़ी भी पहनी हुई थी। पुलिस ने शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखने का फैसला लिया है। इस दौरान कोई परिजन या जानने वाला पहचान कर सकता है। सहारा रेस्क्यू टीम के नवजोत सिंह ढिल्लों ने लोगों से अपील की है। अगर कोई युवती को पहचानता है या उससे जुड़ी कोई जानकारी रखता है, तो वह सिटी थाना टोहाना से संपर्क करे। इससे मृतका की पहचान में मदद मिलेगी और आगे की कार्रवाई की जा सकेगी। शहर थाना प्रभारी प्रहलाद सिंह ने बताया कि युवती के शव को शिनाख्त के लिए रखवा दिया है, इसकी सूचना आस पास के थाने में दी जाएगी।
