आंधी में गिरी दीवार गिरने से युवक की मौत:नल से पी रहा था पानी, अचानक आंधी की वजह से हुआ हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम
औरंगाबाद के कुटुंबा थानाक्षेत्र के संडा मेला में तेज आंधी के कारण गिरी दीवार की चपेट में आने से 40 वर्षीय राज कुमार की मौत हो गई। राज कुमार सूर्यदेव पासी के पुत्र थे। गुरुवार की शाम को बारिश के दौरान अचानक तेज आंधी आई। राज कुमार अपने घर के पास दीवार से सटे नल से पानी पी रहे थे। इसी दौरान मिट्टी की दीवार भरभराकर गिर गई। वह दीवार के नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन तुरंत उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरिहरगंज ले गए। वहां डॉक्टरों ने उपचार शुरू किया। लेकिन शुक्रवार सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कुटुंबा थाना पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। स्थानीय मुखिया गुलाम सरवर ने बताया कि मृतक का मिट्टी का घर था। उनके पिता को पहले आवास योजना का लाभ मिला था, लेकिन वह मकान छोटे भाई के हिस्से में गया। कुछ दिन पहले ही राज कुमार का नाम प्रधानमंत्री आवास योजना की सूची में भेजा गया था। जल्द ही उन्हें पक्का मकान मिलने वाला था। राज कुमार अपने पीछे पत्नी और चार छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।
