अधिवक्ता के बेटे ने युवक को मारी गोली:कमर में लगी गोली हुई आर-पार, आरोपी फरार
बलरामपुर के महाराजगंज तराई थाना क्षेत्र में बुधवार की शाम करीब 7 बजे 25 वर्षीय राजन वर्मा जब गांव से अपने घर लौट रहा था। तभी गांव के ही युवक अनुपम यादव ने उस पर गोली चला दी। घायल की मां सुगना देवी के अनुसार, एक व्यक्ति उनके बेटे को पकड़कर ला रहा था। इसी दौरान अनुपम यादव दौड़ता हुआ आया और कट्टे से गोली मार दी। गोली राजन की कमर में लगी। शरीर को पार कर गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। राजन ने बताया कि वह गांव में गुटखा खरीदने गया था। लौट रहा था। सुगना देवी के मुताबिक दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। हालांकि, गोलीकांड की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। स्थानीय लोगों ने घायल को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार राजन की हालत गंभीर है। आरोपी अनुपम यादव के पिता बलरामपुर न्यायालय में वकील हैं। अनुपम वहीं मुंशी के रूप में कार्यरत है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
